कलेक्टर ने खुद एल्बेंडाजोल की गोली खाकर दिया संदेश, सिवनी में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ
सांदीपनी विद्यालय कंडीपार में जिला स्तरीय कार्यक्रम, जिले में 6.14 लाख बच्चों, किशोर-किशोरियों एवं WRA को खिलाई जाएगी कृमिनाशक दवा
कलेक्टर ने खुद खाई एल्बेंडाजोल की गोली, सिवनी में कृमि मुक्ति अभियान शुरू
Seoni 07 October 2026
सिवनी यशो:- राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर मंगलवार को सांदीपनी विद्यालय, कंडीपार में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने स्वयं एल्बेंडाजोल की गोली का सेवन कर किया। उन्होंने अपनी उपस्थिति में विद्यालय के बालक-बालिकाओं को भी एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई और उन्हें कृमि संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक किया।
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने इस अवसर पर बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को प्रेरित करते हुए कहा कि बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और बच्चों के समुचित शारीरिक विकास के लिए कृमि संक्रमण से बचाव बेहद जरूरी है। उन्होंने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की कि निर्धारित आयु वर्ग के बच्चों एवं अन्य लक्षित हितग्राहियों को अभियान के तहत एल्बेंडाजोल की गोली का सेवन अवश्य कराएं।

जिले में 6 लाख 14 हजार 470 हितग्राहियों को दी जाएगी दवा
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पंकज दुबे ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान के अंतर्गत जिले में लगभग 6 लाख 14 हजार 470 बच्चों, किशोर बालक-बालिकाओं एवं WRA (प्रजनन आयु वर्ग की महिलाओं) को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जानी है।
उन्होंने बताया कि एल्बेंडाजोल एक सुरक्षित एवं प्रभावी कृमिनाशक दवा है। सामान्यतः इसके कोई गंभीर दुष्प्रभाव नहीं होते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित विभागों द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपने बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली का सेवन अवश्य कराएं।
चार विभागों के समन्वय से चल रहा अभियान
जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान का संचालन स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग तथा आदिम जाति कल्याण विभाग के समन्वय एवं सहभागिता से किया जा रहा है।
अभियान का उद्देश्य लक्षित आयु वर्ग के बच्चों एवं अन्य हितग्राहियों को कृमि संक्रमण से मुक्त रखना तथा उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाना है।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. आर.के. धुर्वे, खंड चिकित्सा अधिकारी गोपालगंज डॉ. राजेंद्र कुमार, विद्यालय प्राचार्य श्री विमल ठाकुर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. शैलेश डेहरिया, जिला कम्युनिटी मोबिलाइजर श्री संदीप श्रीवास, बीईई श्री सुदेश दुबे, सीएचओ श्रीमती स्वाति राठौर एवं एएनएम श्रीमती कृतिमा पारधी सहित आशा पर्यवेक्षक, आशा कार्यकर्ता, विद्यालयीन स्टाफ तथा बड़ी संख्या में बालक-बालिकाएं उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना द्वारा स्वयं एल्बेंडाजोल की गोली का सेवन कर बच्चों को प्रेरित करने का संदेश कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।
यह भी पढ़े :-
सिवनी में मतदाता सूची में नाम जोड़ने का विशेष अभियान, 7 से 9 अक्टूबर तक लगेंगे शिविर
सिवनी में भीषण बस हादसा: सड़क किनारे पलटी सूत्र सेवा बस, एक यात्री की मौत; 10 घायल
संविदा विद्युत कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग, यूनाइटेड फोरम ने सौंपा ज्ञापन
सेवा सेतु अभियान के तहत सौंसर में 66वां नि:शुल्क नेत्र शिविर संपन्न
https://my.clevelandclinic.org/health/drugs/19867-albendazole-tablets



