पंच से राज्यपाल तक का सफर, भाजपा ने डॉ. ढालसिंह बिसेन का किया भव्य सम्मान; बोले—पार्टी ने कार्यकर्ता की निष्ठा और क्षमता का सम्मान किया
सिवनी भाजपा कार्यालय में ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ हुआ स्वागत, जिलाध्यक्ष मीना बिसेन सहित वरिष्ठ नेताओं ने बताया जिले का गौरव; डॉ. बिसेन ने प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और पार्टी नेतृत्व के प्रति जताया आभार
डॉ. ढालसिंह बिसेन का भाजपा ने किया भव्य सम्मान, बोले—पार्टी ने कार्यकर्ता को दिया अवसर
Seoni, 13 October 2026
सिवनी यशो:- भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. ढालसिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किए जाने से सिवनी जिले सहित पूरे प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय स्थित पंडित अटल बिहारी वाजपेयी भवन में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मोर्चा पदाधिकारियों, प्रकोष्ठ संयोजकों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने शामिल होकर डॉ. बिसेन का अभिनंदन किया।

जिला भाजपा कार्यालय पहुंचने पर डॉ. बिसेन का ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं में अपने वरिष्ठ नेता के सम्मान को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् के साथ हुआ। वक्ताओं ने डॉ. बिसेन की राजनीतिक यात्रा, संगठन के प्रति समर्पण, जनसेवा और विकासोन्मुखी कार्यशैली का उल्लेख करते हुए उन्हें नई संवैधानिक जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी।
मीना बिसेन बोलीं—डॉ. बिसेन की उपलब्धि पूरे जिले के लिए गौरव
भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने डॉ. ढालसिंह बिसेन को देवभूमि उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किए जाने को पूरे जिले के लिए गौरव और सम्मान का विषय बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. बिसेन का राजनीतिक जीवन लंबे अनुभव, जनसेवा और संगठन के प्रति समर्पण का उदाहरण है। पंच से लेकर विधायक और मंत्री जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों तक की उनकी यात्रा उनकी राजनीतिक कार्यशैली और निरंतर सक्रियता को दर्शाती है।

मीना बिसेन ने अपने राजनीतिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि डॉ. बिसेन के नेतृत्व और मार्गदर्शन में उन्हें भी राजनीति में आगे बढऩे का अवसर मिला। डॉ. बिसेन के पहली बार विधायक बनने के दौर में उन्होंने उन्हें जनपद पंचायत के चुनाव में प्रत्याशी बनाया था। इसके बाद भी विभिन्न संगठनात्मक और जनप्रतिनिधि संबंधी गतिविधियों में उनका सहयोग एवं मार्गदर्शन मिलता रहा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और संगठन को मजबूत बनाने में डॉ. बिसेन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके मार्गदर्शन से अनेक कार्यकर्ताओं को आगे बढऩे का अवसर मिला। मीना बिसेन ने माता काली के आशीर्वाद, वरिष्ठजनों के स्नेह और भाजपा कार्यकर्ताओं के सहयोग का उल्लेख करते हुए जिले की जनता तथा पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से डॉ. बिसेन को शुभकामनाएं दीं।
पंच से राज्यपाल तक की यात्रा को बताया समर्पित राजनीतिक जीवन का परिणाम
समारोह में बरघाट विधायक कमल मर्सकोले, वारासिवनी विधायक प्रदीप जायसवाल, पूर्व सांसद नीता पटेरिया, पूर्व विधायक नरेश दिवाकर, पूर्व विधायक राकेश पाल सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया, पूर्व जिला अध्यक्ष सुजीत जैन, पूर्व जिला अध्यक्ष वेदसिंह ठाकुर और पूर्व जिला अध्यक्ष सुदर्शन बाझल सहित अन्य नेताओं ने डॉ. बिसेन को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

वक्ताओं ने कहा कि डॉ. बिसेन का पंच से लेकर राज्यपाल जैसे संवैधानिक पद तक पहुंचना उनके राजनीतिक अनुभव, कार्य के प्रति समर्पण और संगठनात्मक क्षमता की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने डॉ. बिसेन की कार्यशैली, जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता और क्षेत्र के विकास के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की।
डॉ. बिसेन बोले—पार्टी कार्यकर्ता की क्षमता और निष्ठा का मूल्यांकन करती है
सम्मान समारोह में डॉ. ढालसिंह बिसेन ने कहा कि उनके जैसे सामान्य कार्यकर्ता को पार्टी नेतृत्व ने राज्यपाल जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक पद की जिम्मेदारी सौंपी है, यह उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में कार्यकर्ता की क्षमता, योग्यता और निष्ठा का मूल्यांकन किया जाता है। पार्टी जो भी जिम्मेदारी सौंपती है, उसका पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करना प्रत्येक कार्यकर्ता का कर्तव्य है।
डॉ. बिसेन ने कहा कि कार्यकर्ता के काम का मूल्यांकन होता है और पार्टी समय आने पर उसका सम्मान भी करती है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए पार्टी नेतृत्व, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्यपाल के रूप में उन्हें जो संवैधानिक जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ करेंगे।
वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही सहभागिता
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री गजानन पंचेश्वर ने किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री संतोष अग्रवाल, मुकेश बघेल, जिला उपाध्यक्ष डॉ. अभिजीत सिंह चौहान, संतोष नागपुरे, गोमती ठाकुर, नवनीत सिंह ठाकुर, पूर्व जिला अध्यक्ष आलोक दुबे, प्रेम तिवारी, विजय उईके सहित अनेक पदाधिकारी मंचासीन रहे। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने भी डॉ. बिसेन का अभिनंदन किया।

डां. बिसेन को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर पूरे प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व सहित उनके जानने वाले राजनैतिक व्यक्तियों ने शुभकामनाएँ दी शुभकामना देने वालाो का तांता लगा रहा इसी के साथ सांसद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की ओर से भी उन्हें शुभकामनाएं दी गईं। मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते द्वारा दूरभाष पर बधाई दिए जाने की जानकारी दी गई, जबकि बालाघाट सांसद श्रीमती भारती पारधी ने डॉ. बिसेन के निवास पर पहुंचकर शुभकामनाएं दीं। सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने बाहर होने के कारण दूरभाष पर उन्हें बधाई दी।
समारोह में डॉ. ढालसिंह बिसेन की राज्यपाल के रूप में नियुक्ति को सिवनी जिले के लिए सम्मान और गौरव की उपलब्धि बताते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की गई।
यह भी पढ़े :-
सिवनी जिले के दूसरे, भाजपा के तीसरे और महाकौशल के चौथे राज्यपाल बने डॉ. ढालसिंह बिसेन
27% ओबीसी आरक्षण पर एकजुट हुए सामाजिक संगठन, छिंदवाड़ा में बनी आगे की रणनीति
पद से नहीं, जनसेवा से बनाई पहचान; अब उत्तराखंड के राज्यपाल बने डॉ. ढाल सिंह बिसेन



