सिवनी यशो:-भाजपा की नीतियों, प्रदेश सरकार के कार्यों और मोदी जी के प्रति प्रदेश और देश की जनता का अटूट विश्वास है। ये चुनाव भाजपा के वादों और कार्यों तथा कांग्रेस की नीतियों व उसके कारनामों के बीच थे जिसमें जनता ने अपनी प्रखर अभिव्यक्ति इन चुनाव में भाजपा को विजयी बनाकर की है।
श्री दुबे ने कहा कि, यह विजय हमारे कार्यकर्ताओं का अथक परिश्रम, वरिष्ठों का मार्गदर्शन, प्रदेश सरकार के कार्योँ के साथ ही मोदी जी के प्रति जन जन के आस्था और विश्वास की विजय है। यह सुशासन, जनसेवा, गरीब, वंचित, दलित, किसान, मजदूर आदीवासी भाईयों, महिला, युवा सहित सर्वाहारा वर्ग के कल्याण की जीत है।
श्री दुबे ने कहा कि, भाजपा प्रत्याशियों की विजय जिले में विकास के नए द्वार खोलेगी इसके साथ ही प्रदेश एवं देश में हमें ऐतिहासिक सफलता मिली है। इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की नीतियों एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष जयप्रकाश नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा की कुशल रणनीति, चुनाव में लगे समस्त कार्यकर्ताओं एवं विशेषकर बूथ कार्यकर्ताओं की मेहनत को जाता है। एक और हम जहां मध्य प्रदेश में अपनी सरकार को बनाए रखने में सफल हुए हैं वहीं राजस्थान एवं छत्तीसगढ़ जैसे प्रदेशों में हमें उन्हें प्रचंड जनादेश मिला है यही नहीं तेलंगाना एवं मिजोरम में भी हमारे प्रत्याशी पहले से अधिक संख्या में विजयी हुए हैं ।
श्री दुबे ने जिला भाजपा के समस्त कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठ नेताओं की ओर से सिवनी विस से पुन: निर्वाचित विधायक दिनेश राय मुनमुन तथा बरघाट विस से निर्वाचित कमल मर्सकोले को विजय के इस अवसर पर अपनी बधाइयां व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि,मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के प्रत्येक घर और जनता के हृदय में अलग स्थान बनाया है। श्री दुबे ने कहा कि किन्हीं कारणों के चलते हम लखनादौन एवं केवलारी विधानसभा में विजय हासिल नहीं कर सके लेकिन हमारे इन दोनों ही विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी पूरे मनोयोग से जनता से किए गए अपने वादों के अनुरूप अपने सेवा कार्यों में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे।
श्री दुबे ने कहा कि, प्रदेश में लगातार पांचवीं बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। जाति-पंथ, धर्म और मजहब, अगड़ा-पिछड़ा सारे भेद समाप्त हो गए हैं। केवल एक ही मंत्र साकार हुआ है और वह है-सबका साथ सबका विकास।
भाजपा मीडिया प्रभारी श्रीकांत अग्रवाल ने बताया कि, जिला भाजपा द्वारा इस संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया को सुचारू एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने में संलग्न सभी शासकीय, अशासकीय अधिकारी, कर्मचारियों तथा प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले समस्त जनों के साथ ही पत्रकार बधुओं को उनके अमूल्य योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया है। जिला भाजपा द्वारा कहा गया कि हमारे द्वारा यह चुनाव लोकतंत्र की भावनाओं के अनुरूप लड़ा गया किंतु इस संपूर्ण चुनावी प्रक्रिया के दौरान हमारी किसी बात या किसी कार्य से किसी की भावनाओं को किसी भी तरह की ठेस पहुंची हो तो उसके लिए वह खेद प्रकट करती है।





