नशे के खिलाफ सख्त हुआ प्रशासन: स्कूलों के 100 मीटर दायरे में तंबाकू बिक्री पर होगी कड़ी कार्रवाई
एनकार्ड बैठक में कलेक्टर नेहा मीना के निर्देश, बैन दवाओं की बिक्री और मेडिकल स्टोरों की होगी नियमित जांच
सिवनी एनकार्ड बैठक – नशे के खिलाफ प्रशासन सख्त, स्कूलों के 100 मीटर दायरे में तंबाकू बिक्री पर होगी कार्रवाई
Seoni, 08 July 2026
सिवनी यशो:- जिले में नशीले पदार्थों, तंबाकू उत्पादों और प्रतिबंधित दवाइयों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय एनकार्ड (NCORD) बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि नशे के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

युवाओं को नशे से बचाने पर रहेगा विशेष फोकस
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि नशीले पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता भी बेहद जरूरी है। विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों को नशे की लत से बचाने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, आबकारी और अन्य विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
स्कूलों के आसपास तंबाकू बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले के सभी स्कूलों और शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू एवं धूम्रपान संबंधी उत्पादों की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाए। नियमित निरीक्षण अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान के खिलाफ चलेगा अभियान
बैठक में सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान, तंबाकू उत्पादों के अवैध विक्रय तथा अन्य उल्लंघनों के विरुद्ध नियमित संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
मेडिकल स्टोर और सांची पार्लरों की होगी जांच
कलेक्टर ने औषधि निरीक्षक (ड्रग इंस्पेक्टर) को जिले के मेडिकल स्टोरों का नियमित निरीक्षण करने तथा सांची पार्लरों की भी जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना वैध अनुमति किसी भी प्रकार की दवा का विक्रय स्वीकार्य नहीं होगा और सभी औषधि विक्रेताओं को निर्धारित नियमों का पालन करना होगा।
बैन दवाइयों के भंडारण पर होगी सख्त कार्रवाई
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि यदि किसी मेडिकल स्टोर पर प्रतिबंधित (बैन) दवाइयों का भंडारण या विक्रय पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नशीले पदार्थों की उपलब्धता रोकने के लिए नियमित जांच, संयुक्त निरीक्षण और सतत निगरानी के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी, अपर कलेक्टर सुश्री सुनीता खंडायत सहित स्वास्थ्य, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, शिक्षा, आबकारी, पुलिस तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #seoni



