एक महीने से अधूरी नाली ने चौपट किया गुजरी बाजार, बारिश में डूबा कारोबार; व्यापारियों का फूटा गुस्सा
दुकानों तक पहुंचना हुआ मुश्किल, लाखों के नुकसान की आशंका; CM हेल्पलाइन 181 पर दर्ज कराई शिकायत
बालाघाट गुजरी बाजार नाली निर्माण विवाद – एक महीने से अधूरी नाली ने चौपट किया गुजरी बाजार, व्यापारियों ने CM हेल्पलाइन पर की शिकायत
Balaghat 08 July 2026
बालाघाट यशो :- शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र गुजरी बाजार में अधूरी नाली का निर्माण अब व्यापारियों के लिए आफत बन गया है। बरसात के बीच निर्माण कार्य बीच में ही छोड़ दिए जाने से पूरा बाजार कीचड़, जलभराव और अव्यवस्था की चपेट में है। हालत यह है कि ग्राहकों ने बाजार का रुख करना कम कर दिया है और व्यापारियों का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
नाराज व्यापारियों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर शिकायत दर्ज कर प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
खुदाई हुई, टीन शेड हटे… फिर अचानक रुक गया काम
जानकारी के अनुसार, गुजरी बाजार में करीब 100 से 150 मीटर लंबी नाली का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण शुरू होने पर दुकानों के सामने खुदाई की गई और टीन शेड भी हटवा दिए गए ताकि काम में बाधा न आए। कुछ हिस्सों में सरिया बिछाने के बाद निर्माण कार्य अचानक बंद कर दिया गया। करीब एक महीने से मजदूर और मशीनें मौके से गायब हैं।
बारिश बनी आफत, दुकानों में घुस रहा पानी
टीन शेड हटने के कारण बारिश का पानी सीधे दुकानों में पहुंच रहा है। व्यापारियों का कहना है कि यदि यही स्थिति रही तो लाखों रुपये का सामान खराब हो सकता है। वहीं सड़क पर फैली मिट्टी बारिश में कीचड़ में तब्दील हो गई है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
ग्राहकों ने बनाई दूरी, कारोबार पर गहरा असर
गुजरी बाजार कपड़ा, किराना और अन्य आवश्यक वस्तुओं का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। लेकिन कीचड़, गंदगी और अव्यवस्थित रास्तों के कारण ग्राहक दुकानों तक पहुंचने से बच रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि पिछले एक महीने से बिक्री में भारी गिरावट आई है और रोजाना आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ठेकेदार पर लापरवाही के आरोप
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि कई बार काम शुरू कराने की मांग की गई, लेकिन ठेकेदार ने बारिश का हवाला देकर निर्माण कार्य शुरू करने से मना कर दिया। उनका कहना है कि शिकायत की बात करने पर भी ठेकेदार ने कोई गंभीरता नहीं दिखाई।
CM हेल्पलाइन पर शिकायत, प्रशासन से अल्टीमेटम
स्थिति से नाराज व्यापारियों ने सामूहिक रूप से विरोध प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि यदि जल्द निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि अधूरा नाली निर्माण तत्काल पूरा कराया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
नगरपालिका अध्यक्ष ने दी सफाई
इस मामले में नगरपालिका अध्यक्ष ने कहा कि नाली का निर्माण कराया जाना आवश्यक था। बारिश के कारण स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को कुछ असुविधा हुई है, लेकिन निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने और समस्या के त्वरित निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दे दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लोगों को जल्द राहत मिलेगी।
https://www.vidhikarya.com/FreeLegalAdvice/119/construction-of-drain



