सिवनीमध्यप्रदेश

10 साल से जर्जर सड़क पर फूटा आक्रोश, विद्यार्थियों ने लगाया जाम

पिपरडाही में समस्याओं का अंबार, स्कूल ड्रेस में सड़क पर उतरे छात्र-छात्राएं; अधिकारियों के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ प्रदर्शन

10 साल से जर्जर सड़क पर फूटा आक्रोश, विद्यार्थियों ने लगाया जाम 

Seoni 24 August 2026
सिवनी/पिपरडाही यशो:- लखनवाड़ा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत पिपरडाही में करीब 10 वर्षों से जर्जर पड़े चारगांव-पिपरडाही मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर सोमवार को ग्रामीणों और विद्यार्थियों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। एक शाला-एक परिसर में अध्ययनरत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं स्कूल जाने के बजाय स्कूल ड्रेस में ही सिवनी-छिंदवाड़ा मार्ग पर पहुंच गए और धरना देकर मार्ग पर जाम लगा दिया।

प्रदर्शनकारी ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। उनका कहना था कि चारगांव से पिपरडाही तक सड़क की हालत इतनी खराब है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सड़क की बदहाली के कारण विद्यार्थियों, किसानों और ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

दस साल से आश्वासन, सड़क का नहीं हुआ निर्माण

ग्रामीणों के अनुसार पिछले करीब एक दशक से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा कई बार आश्वासन दिए गए, लेकिन आज तक सड़क की स्थिति में स्थायी सुधार नहीं हुआ। लगातार अनदेखी से नाराज ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने सोमवार को सड़क पर उतरकर अपना विरोध दर्ज कराया।

जर्जर स्कूल और पंचायत भवन का मुद्दा भी उठा

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने जर्जर स्कूल भवन और ग्राम पंचायत भवन का मुद्दा भी उठाया। ग्रामीणों का आरोप था कि जर्जर भवनों को अब तक डिस्मेंटल नहीं किया गया है, जिससे कभी भी हादसा होने की आशंका बनी हुई है। स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली को लेकर भी ग्रामीणों ने नाराजगी जताई।

अधिकारियों ने पहुंचकर संभाला मोर्चा

जाम की सूचना मिलते ही लखनवाड़ा थाना प्रभारी सीके सीरामे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीएम पूर्वी तिवारी, नायब तहसीलदार राधिका पाठक, जिला शिक्षा अधिकारी अभिनाश दीक्षित, जनपद सीईओ लोकेश साहू और आरआई अनिल मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने विद्यार्थियों और ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। विद्यार्थियों ने कलेक्टर को मौके पर बुलाने के साथ सड़क और पुलिया निर्माण को लेकर लिखित आश्वासन की मांग रखी। काफी देर तक चली चर्चा और समझाइश के बाद अधिकारियों के आश्वासन पर विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।

विद्यार्थियों को साथ लेकर अधिकारियों ने किया मार्ग का निरीक्षण

जाम समाप्त होने के बाद एसडीएम पूर्वी तिवारी और जनपद सीईओ लोकेश साहू कुछ विद्यार्थियों को अपने वाहनों में साथ लेकर संबंधित मार्ग के निरीक्षण के लिए गांव पहुंचे। अधिकारियों ने सड़क और पुलिया की वास्तविक स्थिति देखी तथा समस्या को वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष रखने का आश्वासन दिया।

सरपंच-सचिव की अनुपस्थिति पर नाराजगी

प्रदर्शन के दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव की अनुपस्थिति को लेकर भी ग्रामीणों में नाराजगी रही। ग्रामीणों का कहना था कि जब गांव के लोग वर्षों पुरानी समस्याओं को लेकर सड़क पर उतरने को मजबूर हैं, तब पंचायत के जिम्मेदार प्रतिनिधियों की मौके पर मौजूदगी आवश्यक थी।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि सड़क, पुलिया और अन्य मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे भी जारी किया जा सकता है।

वहीं, ग्राम पंचायत में व्याप्त समस्याओं को लेकर पत्रकारों द्वारा जनपद पंचायत सिवनी के सीईओ लोकेश साहू से जानकारी मांगी गई, लेकिन वे इस संबंध में स्पष्ट जानकारी देने से बचते नजर आए।

यह भी पढ़े :-

अमरवाड़ा में उठी मांग: राजा कमलेश प्रताप शाह को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाए

मध्यप्रदेश के 18 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट, सिवनी-बालाघाट समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा के आसार

28 अगस्त को बैनगंगा घाट लखनवाड़ा में होगा श्रावणी उपाकर्म पर्व

मुन्ना भाई MBBS’ की तर्ज पर ‘मुन्ना भाई LLB’! दूसरे की सनद पर कोर्ट में पैरवी का आरोप

https://www.prabhatkhabar.com/state/jharkhand/chatra/road-construction-plan-on-paper-muddy-path-on-ground-suiyataand-waits-for-two-years

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button