WhatsApp Image 2026-03-17 at 4.22.34 PM (1)
मध्यप्रदेशराजनीति

अटल जी की सरलता, विनम्रता और उनके जीवन मूल्य हमें आज भी जीना सिखाते हैं – डां. मोहन यादव 

Morena 17 February 2025
मुरैना यशो:- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद  विष्णुदत्त शर्मा ने सोमवार को मुरैना में पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा का अनावरण किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा है कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा के अनावरण के साथ ही मुरैना में नया इतिहास लिखा गया है। श्रद्धेय वाजपेयी राजनीति के मर्मज्ञ थे। वे सदैव सच्चाई के लिए जिये। वे पूरे भारत को अपना परिवार मानने वाले विराट हृदय व्यक्तित्व थे। श्रद्धेय वाजपेयी लोकतांत्रिक परम्पराओं का पालन करने वाले कालजयी महापुरूष थे। उनकी सहजता, सरलता, विन्रमता और उनके जीवन मूल्य हमें आज भी जीना सिखाते हैं। मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव का मुरैना आगमन यहां के विकास में चार चांद लगाएगा। श्रद्धेय वाजपेयी की प्रतिमा जनसेवा में लगे स्थानीय युवाओं को प्रेरणा देगी। हर दल के नेताओं को अटल जी के विचारों को पढऩा और समझना चाहिए। जो अटल जी से प्रेरणा लेगा, वो जीवन पथ में बहुत आगे जाएगा। श्री तोमर ने कहा कि मैं स्वयं राजनीति में अटल जी को अपना आदर्श मानता हॅू। भारतीय जनता पाटी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अटल जी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए प्रदेश को विकास की दिशा में आगे लेकर बढ़ रहे हैं। अटल जी देश के एक मात्र ऐसे नेता थे, जिन्हें हर दल में स्वीकार्यता प्राप्त थी। कार्यक्रम को प्रदेश शासन के मंत्री करण सिंह वर्मा, ऐंदल सिंह कंषाना ने भी संबोधित किया।

अटल जी ने पोखरण में परमाणु परीक्षण कर दुनिया में देश का गौरव बढ़ाया – डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमने महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह को नहीं देखा, पर अटल जी को करीब से देखा है। उन्हें शत-शत नमन है। देश को लोकतंत्र का एक नायक अटल जी के रूप में मिला। कोई नेता पक्ष में हो या विपक्ष में, एक जैसी भाषा बोले, ये हमने अटल जी के व्यक्तित्व में ही देखा है। उन्होंने कहा कि अटल जी ने पोखरण में परमाणु परीक्षण कर दुनिया में देश का गौरव बढ़ाया था। अटल जी भारत माता के सच्चे सपूत थे। उन्होंने 50 साल तक विपक्ष में बैठकर लोकतंत्र और संसदीय परम्पराओं को सशक्त करने का अभूतपूर्व कार्य किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अटल जी ने अपनी कविता में कहा था कि “क्या हार में, क्या जीत में, किंचित नहीं भयभीत मैं, संघर्ष पथ पर जो भी मिला, ये भी सही और वो भी सही।” श्रद्धेय वाजपेयी के योगदान को हमारा देश कभी नहीं भूल पाएगा। पावर्ती-कालीसिंध-चंबल (पीकेसी) और केन-बेतवा (केबी) नदी जोड़ो राष्ट्रीय परियोजना उन्हीं की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उनकी सोच को हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने क्रियान्वित किया है। इसके लिए हम प्रधानमंत्री श्री मोदी का अभिनंदन करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में हमने 70 हजार करोड़ रूपए की नदी जोड़ो परियोजना से मध्यप्रदेश में जल संग्रहण का एक नया अभियान शुरू किया है।

मुरैना शहर में बोट क्लब के साथ जहां जरूरी हैं, सड़कें बनाई जाएंगी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्थानीय जन-प्रतिनिधियों की मांग पर मुरैना नगर निगम की सीमा क्षेत्र से लगी 13 ग्राम पंचायतों के सभी गांवों में जरूरी विकास कार्यों के लिए 20 करोड़ रुपए और मुरैना शहर में इलेक्ट्रिसिटी पोल शिफ्टिंग कार्य के लिए 10 करोड़ रूपए विकास राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मुरैना शहर में बोट क्लब के साथ जहां जरूरी हैं, वहां सड़कें भी बनाई जाएंगी।

देश को शक्तिशाली और समृद्ध भारत बनाने का प्रयास अटल जी ने किया – नरेंद्र सिंह तोमर

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि आज सौभाग्य और प्रसन्नता का अवसर है कि पूर्व प्रधानमंत्री व भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा का लोकार्पण हुआ। स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा मुरैना में स्थापित हो यह कार्यकर्ताओं और लोगों की लंबे समय से इच्छा थी। अटल जी की प्रतिमा आम जनता के साथ-साथ सार्वजनिक जीवन में काम करने वाले कार्यकर्ताओं को भी प्रेरणा देगी। अटल जी भारतीय जनता पार्टी के कार्यक्रता थे, लेकिन उन्होंने अपने व्यक्तित्व, कार्यपद्धति और अपने बड़े मन से देश के लाखों लोगों के दिल में अपना स्थान बनाया। जब संसद में अटल जी की सरकार विश्वास मत हासिल कर रही थी, तब चाहे वह किसी भी दल का हो उन्होंने यह कहा था कि अटल जी तो अच्छे इंसान हैं, लेकिन गलत पार्टी में है। तब अटल जी ने खड़े होकर कहा था अगर मैं आपके साथ आ जाऊं तो तो आप क्या करते, तो पूरा सदन स्तब्ध रह गया था। 
श्रद्धेय अटल जी ने विचार और दल की दीवारों को भारत को आगे बढऩे की यात्रा में बाधक नहीं बनने दिया। अटल जी ने अपने कार्यों से देश के करोड़ों लोगों के हृदय में स्थान बनाया था। वे हमेशा कहा करते थे कि सत्ता पाना नहीं, वरन् शक्तिशाली, समर्थ, समृद्ध, और विकसित भारत का निर्माण ही हमारी मंजिल होना चाहिए। ऐसा भारत जिसमें समरसता हो, यह उनका लक्ष्य था। श्रद्धेय अटल जी कहते थे सत्ता हमारी मंजिल नहीं, हमारी मंजिल समृद्ध और समर्थ भारत है। ऐसा भारत जिसमे समरसता और ममता भी हो। अगर हमें जीवन को सफल बनाना है तो अटल जी को हमें पढऩा चाहिए। अगर हम अटल जी को पढ़ेंगे तो उन्हें समझेंगे, जब हम उन्हें समझेंगे तब भारत को विश्वगुरु बनाने की कल्पना को भी समझने में कामयाब होंगे। उन्होंने नदी जोड़ो योजना की परिकल्पना और केन-बेतवा सहित पार्वती-कालीसिंध-चंबल को जोडऩे का प्रयास किया था। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने सभी योजनाओं को आगे बढ़ाकार क्रियान्वयन किया यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से सीखा जा सकता है। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी की सरकार में मुरैना का लगातार विकास तेज रफ्तार से हो रहा है। कई योजनाएं जमीन पर उतर गई हैं और कुछ पर काम चल रहा है।

अटलजी के विचारों को साकार कर रहे प्रधानमंत्री मोदी  –  विष्णुदत्त शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि श्रद्धेय अटलजी चंबल की माटी के ऐसे सपूत थे, जिन्होंने भारतीय जनता पार्टी और उसके विचार को बल देने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया। अटलजी भारतीय राजनीति के विराट व्यक्तित्व थे और एक सर्वमान्य नेता थे। वे कहा करते थे-छोटे मन से कोई बड़ा नहीं होता, टूटे दिल से कोई खड़ा नहीं होता। 
श्रद्धेय अटलजी सबको साथ लेकर भारत को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाना चाहते थे। गांव-गांव सड़क से जुड़े और हर खेत को सिंचाई के लिए पानी मिले, ये अटलजी की ही सोच थी। इसके लिए उन्होंने नदी जोड़ो का सपना देखा था। उनके विचारों को, उनके इस सपने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी आगे बढ़ा रहे हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री जी ने केन-बेतवा लिंक परियोजना का शिलान्यास किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी ग्वालियर-चंबल की धरती पर भी अटलजी के उस सपने को पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना के रूप में साकार कर रहे हैं। राजस्थान के साथ संयुक्त रूप से बनाई जाने वाली इस परियोजना से चंबल की धरती भी हरी-भरी होगी। गांव-गांव को सड़क और नदियों को जोडऩे का सपना अटल जी ने देखा था। आज अटल जी का स्वप्न पूरा होता दिख रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उत्तरप्रदेश और राजस्थान के साथ नदियों को जोडऩे के मिशन के साथ जल संरक्षण से जुड़े कई उल्लेखनीय निर्णय लिए हैं। आज ऐसे विराट व्यक्तित्व वाले श्रद्धेय अटलजी की प्रतिमा का अनावरण हो रहा है और इस महत्वपूर्ण अवसर पर मैं प्रदेशवासियों व पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं।
इस अवसर पर सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, विधायक श्रीमती सरला रावत, महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी सहित भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने घडिय़ाल अभयारण्य में छोड़े घडिय़ाल शावक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष  नरेन्द्र सिंह तोमर एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने सोमवार को मुरैना जिले में स्थित राष्ट्रीय चंबल घडिय़ाल अभयारण्य में ग्रो एण्ड रिलीज कार्यक्रम के तहत घडिय़ाल शावक छोड़े। इस असवर पर प्रदेश शासन के मंत्री ऐंदल सिंह कंषाना एवं दिलीप सिंह अहिरवार उपस्थित रहे।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!