सिवनी में अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी: बोलेरो से 339 लीटर शराब जब्त, तस्कर गिरफ्तार
शहर में बिक्री के लिए लाई जा रही थी शराब, पुलिस ने घेराबंदी कर तस्कर को दबोचा
सिवनी यशो:- कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात तस्कर कमल मानाठाकुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 339.28 लीटर अवैध शराब और बिना नंबर की बोलेरो वाहन जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 3 लाख 86 हजार 100 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी सचिन परते के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा
कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की बोलेरो में अवैध शराब शहर में बिक्री के लिए लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने टीम गठित कर छिंदवाड़ा रोड स्थित द ग्रेड रॉयल होटल के सामने घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान छिंदवाड़ा की ओर से आ रही बिना नंबर की सफेद बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में रखे 14 थैलों और 11 कार्टनों से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई।
339 लीटर से अधिक शराब बरामद
पुलिस के अनुसार वाहन से कुल 339.28 लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जिसमें शामिल है—
-
प्लेन मदिरा – 180 लीटर
-
लाल मसाला – 72 लीटर
-
मैकडॉवेल्स रम – 43 लीटर
-
ऑफिसर च्वाइस व्हिस्की – 35.28 लीटर
-
जिनियस व्हिस्की – 9 लीटर
शराब की कीमत लगभग 86,100 रुपये तथा बोलेरो वाहन की कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी गई है।
आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं मामले
पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम कमल मानाठाकुर (51 वर्ष) पिता मिठाईलाल मानाठाकुर, निवासी रेलवे क्रॉसिंग के पास रानी दुर्गावती वार्ड सिवनी बताया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी 34(2) आबकारी एक्ट के दो प्रकरण, 34(1) आबकारी एक्ट के दो प्रकरण और शासकीय कार्य में बाधा डालने का एक मामला दर्ज है।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सतीश तिवारी, उपनिरीक्षक दयाराम शरणागत, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश रघुवंशी, प्रधान आरक्षक मुकेश गोडाने, आरक्षक प्रदीप चौधरी, पंकज सोलंकी, अजेन्द्र पाल, सौरभ ठाकुर, लोकेश सरयाम, रत्नेश कुशवाहा, रविंद्र डहेरिया, सुधीर डहेरिया, विश्राम धुर्वे, सतीश इनवाती, सिद्धार्थ दुबे, प्रशांत गजभिये, प्रतीक बघेल तथा चालक इरफान की विशेष भूमिका रही।





