Uncategorized

कान्हा में बाघों को संक्रमण से बचाने बड़ी पहल

आवारा कुत्तों के वैक्सीनेशन और फूड वेस्ट मैनेजमेंट पर बनी सहमति, लाज एसोसिएशन देगा सहयोग

कान्हा टाइगर रिजर्व बाघ संरक्षण अभियान –  कैनाइन डिस्टेंपर वायरस से वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए तेज हुई कवायद

Mandla 23 May 2026
मुक्की/मंडला यशो:-  कान्हा टाइगर रिजर्व के वन्यप्राणियों, विशेष रूप से बाघों को ‘कैनाइन डिस्टेंपर वायरस’ (CDV) जैसे घातक संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए पार्क प्रबंधन ने मैदानी स्तर पर अपनी कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में मुक्की क्षेत्र में लाज एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण एवं उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में वायरस के फैलने के कारणों, संभावित खतरों, आवश्यक सावधानियों एवं संक्रमण की प्रभावी रोकथाम के उपायों पर बिंदुवार विस्तृत चर्चा की गई।

फूड वेस्ट मैनेजमेंट को लेकर लिए गए अहम निर्णय

बैठक में वन्यजीव विशेषज्ञों एवं अधिकारियों के सुझावों के बाद सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि क्षेत्र के सभी होटल एवं लाज परिसरों में खाद्य पदार्थों और फूड वेस्ट का प्रबंधन अत्यंत सख्ती के साथ किया जाएगा।

बचे हुए भोजन एवं खाद्य सामग्रियों को आवारा कुत्तों की पहुंच से पूरी तरह दूर रखने के लिए प्रभावी एवं पुख्ता व्यवस्था लागू की जाएगी, ताकि रिहायशी क्षेत्रों से वन्यजीवों तक संक्रमण फैलने की संभावना को न्यूनतम किया जा सके।

कान्हा टाइगर रिजर्व में वन अधिकारियों और लाज एसोसिएशन की बैठक
कान्हा टाइगर रिजर्व बाघ संरक्षण अभियान – बाघों को संक्रमण से बचाने के लिए आयोजित बैठक में अधिकारियों एवं लाज एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

आवारा कुत्तों के शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन पर जोर

बैठक में यह भी सहमति बनी कि कान्हा के बफर एवं गेट क्षेत्रों में सक्रिय आवारा कुत्तों का शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन कराया जाएगा।

लाज एसोसिएशन ने इस अभियान में पार्क प्रबंधन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। एसोसिएशन की ओर से वैक्सीनेशन कार्य में प्रशासनिक एवं व्यावहारिक स्तर पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

वन्यजीव संरक्षण को लेकर बढ़ी सतर्कता

विशेषज्ञों का मानना है कि ‘कैनाइन डिस्टेंपर वायरस’ वन्यजीवों, विशेष रूप से बाघों एवं अन्य मांसाहारी प्रजातियों के लिए अत्यंत खतरनाक साबित हो सकता है। ऐसे में संक्रमण की रोकथाम के लिए समय रहते उठाए जा रहे कदम वन्यजीव संरक्षण की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

बैठक में अधिकारी और लाज एसोसिएशन के प्रतिनिधि रहे मौजूद

इस महत्वपूर्ण बैठक में कान्हा टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक (फील्ड डायरेक्टर), सहायक संचालक (हालोन), परिक्षेत्र अधिकारी (मुक्की) सहित मुक्की एवं खापा बफर एंट्री द्वार क्षेत्र के लाज एसोसिएशन के प्रमुख प्रतिनिधि एवं पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/mandla-deadly-canine-distemper-virus-become-a-menace-for-tigers-in-the-world-famous-kanha-tiger-reserve-local18-10504214.html

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!