आदिवासियों की 10 हजार हेक्टयर जमीन का भाजपा नेताओं ने किया फर्जीवाड़ा – परतेती
भाजपा के नेता हथिया रहे आदिवासियों की जमीन: परतेती
भूमि स्वामी को पता भी नहीं चल रहा और उसकी जमीन विक्रय हो रही, न्यायालय में मामला विचाराधीन होने के बावजूद कर दी गई रजिस्ट्री
Chhindwara 15 February 2025
छिंदवाड़ा यशो:- भाजपा के नेता, मंत्री व मंत्री पुत्र आदिवासियों पर अत्याचार करते हैं फिर आदिवासी भाई के पैर धोकर पाप धोने का प्रयास करते हैं। भाजपा ने हर कदम पर आदिवासी भाइयों के अधिकारों पर डाका डाला है। विगत 20 वर्ष के भीतर आदिवासी भाइयों की तकरीबन 10 हजार 800 हेक्टेयर भूमि गैर आदिवासियों को फर्जी तरीके से बेच दी। यह आंकड़ा भी प्रदेश के सिर्फ सात जिलों का है जिसमें छिन्दवाड़ा भी शामिल है। उक्त उदगार आज कांग्रेस आदिवासी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष रामनारायण परतेती ने जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से व्यक्त किए।
रामनारायण परतेती ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में आगे कहा कि आदिवासी भूमि स्वामी ने जमीन बेची ही नहीं और भाजपा नेता शिवप्रसाद भलावी ने जमीन खरीदकर उसकी रजिस्ट्री भी करवा ली। जबकि मामला न्यायालय में विचाराधीन है, बावजूद इसके सरकार ने इस पर कोई रोक नहीं लगाई इसका अर्थ है कि सबकुछ भाजपा के इशारों पर हो रहा है। अपने आपको आदिवासी हितैषी कहने वाली भाजपा की सरकार ने आदिवासियों को मजदूरी के लिये मजबूर किया। एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार आदिवासी अत्याचार में मप्र प्रदेश नम्बर एक पर है। आज आदिवासी वर्ग आर्थिक मोर्चे पर अविकसित है और भाजपा विकसित भारत की बात कर रही। आदिवासी किसान आर्थिक रूप से कमजोर, आदिवासी नौजवान बेरोजगार एवं मातायें-बहनें असुरक्षित है। जल, जंगल व जमीन के मूल वाशिंदें परेशान है फिर भाजपा अपनी राजनीति की रोटी सेंकने के लिये आमजन के बीच विकसित भारत व आदिवासी हितैषी होने का जुमला छोड़ रही। जबकि हकीकत इससे कोसों दूर है, क्योंकि भाजपा के नेता ही आदिवासियों का शोषण कर रहे उनकी जमीनों को हथियाने में जुटे हैं।
भाजपा नेता ने जमीन हथियाने रचा षड्यंत्र
श्री परतेती ने जारी बयान में आगे कहा कि भाजपा के स्थानीय जिम्मेदार नेताओं के संरक्षण में आदिवासियों की जमीन को हथियाने का षड्यंत्र लगातार रचा जा रहा। छिन्दवाड़ा जिला मुख्यालय के कुण्डीपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत खापाभाट निवासी संतलाल पिता स्व. कमलसिंग इनवाती की कृषि भूमि को उनके पिता व दादा के द्वारा ना तो पूर्व में ना ही वर्तमान में बेची गई। आज भी उनका स्वयं की भूमि पर कब्जा है, किन्तु भाजपा नेता शिवप्रसाद भलावी उनकी जमीन को हथियाना चाहते हैं। भाजपा नेता शिवप्रसाद भलावी जब आदिवासी किसान संतलाल इनवाती की जमीन पर कब्जा करने पहुंचते हैं तो सामने आता है कि संतलाल इनवाती के दादा स्व. अनकू इनवाती द्वारा पांढुर्ना जिले के अम्बाड़ा निवासी रामलाल पिता रामजी कोडोती को फर्जी तरीके से जमीन बेचना व फर्जी रजिस्ट्री दर्शाई गई।
ऐसे पकड़ा गया भाजपा नेता का फर्जीवाड़ा
रामनारायण परतेती ने जारी विज्ञप्ति में आगे कहा कि भाजपा नेता शिवप्रसाद भलावी ने 5 फरवरी 2025 को पांढुर्ना जिले के चिखली निवासी रामलाल पिता रामजी कुरासिंगा से जमीन खरीदी और रजिस्ट्री करा ली। इस प्रकरण में दो अलग-अलग स्थान के साथ ही अलग-अलग सरनेम का उपयोग किया गया। भाजपा नेता शिवप्रसाद भलावी ने जिस व्यक्ति से भूमि खरीदी उसकी उपस्थिति हेतु न्यायालय ने इस्तेहार जारी किया तो वह उपस्थित नहीं हुआ। रामलाल पिता रामूजी कुरासिंगा नाम का कोई भी व्यक्ति अम्बाड़ा गांव में निवासरत नहीं है, इसका प्रमाण ग्राम सरपंच के द्वारा प्रस्तुत किया गया। इससे साफ हो रहा है कि भाजपा के एक प्रभावशाली नेता के संरक्षण में आदिवासियों की जमीन फर्जी रजिस्ट्री कर हथियाई जा रही है इसका प्रत्यक्ष प्रमाण यह है। उन्होंने बताया कि विगत कुछ वर्षों से भाजपा नेता द्वारा आदिवासियों को डरा धमकाकर उनकी जमीन पर कब्जा किया जा रहा है जिसमें शासन व प्रशासन की भूमिका भी संदिग्ध है। क्योंकि वर्तमान में जिस भूमि का प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है उसकी रजिस्ट्री की ही नहीं जा सकती। ऐसे में रजिस्ट्रार कार्यालय के द्वारा रजिस्ट्री कर देना भी संदेह के घेरे में है।
श्री परतेती ने जारी प्रेस विज्ञप्ति के अंत में कहा कि कांग्रेस के पास इस प्रकरण से जुड़े सम्पूर्ण दस्तावेज सुरक्षित है। उन्होंने शासन व प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि आदिवासियों की जमीनों की गैरकानूनी ढंग से की जा रही खरीदी फरोख्त पर विराम नहीं लगाया गया तो आगामी दिनों में कांग्रेस उग्र आंदोलन व धरना प्रदर्शन करेगी जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन व प्रशासन की होगी।





