“6 महीने के संबंध का खौफनाक अंत: खेत में ले जाकर की हत्या”
मृतिका पर साथ रहने का दबाव बना विवाद की जड़, आरोपी ने खेत में ले जाकर गला घोंटकर की हत्या
चारगांव हत्याकांड: अवैध संबंध बना हत्या की वजह, आरोपी गिरफ्तार
छिंदवाड़ा यशो:- छिंदवाड़ा। थाना चांद पुलिस ने ग्राम चारगांव में मिली अज्ञात महिला की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि अवैध संबंध और मृतिका द्वारा आरोपी पर साथ रहने का दबाव बनाना ही इस हत्याकांड की मुख्य वजह बना।
पुलिस के अनुसार, 1 मई को ग्राम चारगांव के एक खेत में एक महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ था। जांच के दौरान मृतिका की पहचान सुनीता साहू (45), निवासी पातालेश्वर, थाना कुंडीपुरा के रूप में हुई।
बताया गया कि मृतिका 28 अप्रैल की शाम घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी। परिजनों ने 30 अप्रैल को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध हेमंत सोनेकर (29), निवासी ग्राम लहगड़ुआ से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसका मृतिका से पिछले 6-7 महीनों से संपर्क था और दोनों के बीच अवैध संबंध थे।
आरोपी ने बताया कि मृतिका द्वारा लगातार साथ रहने का दबाव बनाया जा रहा था। इसी विवाद के चलते उसने 28 अप्रैल को मृतिका को मोटरसाइकिल से चारगांव के पास एक खेत में ले जाकर दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी।
घटना के बाद आरोपी मृतिका के जेवर भी अपने साथ ले गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने के टॉप्स, मंगलसूत्र के हिस्से, अंगूठी और चांदी की पायल बरामद की है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जिला जेल छिंदवाड़ा भेज दिया है।



