नशामुक्त समाज की ओर बढ़ा छिंदवाड़ा, ADG ने हरी झंडी दिखाकर जागृति रथ किया रवाना
'नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0' अभियान के तहत निकली जनजागरूकता रैली, हजारों युवाओं ने लिया नशामुक्ति का संकल्प
‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान छिंदवाड़ा, ADG ने हरी झंडी दिखाकर जागृति रथ किया रवाना
Chhindwara 19 July 2026
छिंदवाड़ा यशो:- मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत रविवार को छिंदवाड़ा में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रमोद वर्मा और पुलिस अधिकारियों ने जागृति रथ एवं जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा युवाओं और नागरिकों से नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। जागृति रथ, नुक्कड़ नाटक, जनसंपर्क अभियान और रैली के माध्यम से लोगों को तंबाकू, गुटखा, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया।
15 से 30 जुलाई तक चलेगा राज्यव्यापी अभियान
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक पूरे प्रदेश में “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान का उद्देश्य समाज में नशे के खिलाफ सकारात्मक वातावरण तैयार करना और युवाओं सहित प्रत्येक नागरिक को नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना है।
इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रमोद वर्मा एवं पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
शहर की सड़कों पर गूंजा नशामुक्ति का संदेश
अधिकारियों ने जागृति रथ और जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली बस स्टैंड, फव्वारा चौक, सत्कार चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली और लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करती हुई पुनः पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई।
जागृति रथ पर प्रसारित ऑडियो संदेशों और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से नागरिकों को नशामुक्त जीवन अपनाने की प्रेरणा दी गई।
नशा व्यक्ति ही नहीं, पूरे परिवार को करता है प्रभावित
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि उसके परिवार, सामाजिक जीवन और भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अनुशासित एवं स्वस्थ जीवन अपनाने तथा अपने परिवार और समाज को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
छात्र-छात्राओं ने ली नशामुक्ति की शपथ
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ ने जीवनभर किसी भी प्रकार का नशा न करने, तंबाकू, गुटखा, सिगरेट, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने एक विशाल मानव श्रृंखला बनाकर नशामुक्त समाज का संदेश दिया। इसके बाद अतिथियों ने विशेष संदेश प्रसारित करने वाले जागृति रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।



