शांति शिखर में गूंजा नशामुक्ति का संदेश, ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान में 1000 से अधिक लोगों ने लिया संकल्प
ब्रह्माकुमारी संस्थान में पुलिस ने पारिवारिक मूल्यों, नशामुक्ति और साइबर सुरक्षा पर किया जागरूक
Seoni, 19 July 2026
सिवनी यशो:- पुलिस मुख्यालय भोपाल की अभिनव पहल और पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी के मार्गदर्शन में जिलेभर में संचालित “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत रविवार को प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के शांति शिखर, सिवनी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का विषय “आधुनिक समय में पारिवारिक मूल्यों के संवर्धन में समाज, संस्कृति एवं पुलिस की भूमिका” रहा, जिसमें नशामुक्ति, पारिवारिक संस्कार और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में प्रभारी पुलिस नियंत्रण कक्ष एवं निरीक्षक ओमेश्वर ठाकरे ने कहा कि नशे की शुरुआत अक्सर परिवार के वातावरण से होती है।

छोटे बच्चों से गुटखा, तंबाकू या अन्य नशीली सामग्री मंगवाना तथा घर के बड़े-बुजुर्गों का नशा करना बच्चों के मन पर नकारात्मक प्रभाव डालता है। यदि समाज और परिवार मिलकर शुरुआत से ही बच्चों को सही संस्कार दें तो नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि नशे पर होने वाले अनावश्यक खर्च को यदि बचत और शिक्षा में लगाया जाए तो परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और समाज भी स्वस्थ बनेगा।
उन्होंने सामाजिक कार्यक्रमों में नशे की सामग्री के उपयोग पर रोक लगाने तथा युवाओं को सही दिशा देने में बुजुर्गों की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया।

योग, आध्यात्म और संस्कार से नशे पर लगेगी रोक
निरीक्षक ओमेश्वर ठाकरे ने कहा कि आध्यात्मिक ज्ञान, योग, प्राणायाम और ब्रह्माकुमारी संस्थान जैसी संस्थाओं की वैचारिक गतिविधियां नशामुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने उपस्थित लोगों को मानस हेल्पलाइन 14446, आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा अन्य सहायता सेवाओं की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति का संकल्प एवं शपथ दिलाई गई।
मोबाइल और सोशल मीडिया के बढ़ते नशे से भी किया सावधान
कार्यक्रम में प्रभारी साइबर सेल एएसआई देवेंद्र जायसवाल ने मोबाइल और सोशल मीडिया की लत, ऑनलाइन गेमिंग, डिजिटल ठगी, वित्तीय साइबर अपराध और साइबर सुरक्षा के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।

नुक्कड़ नाटक से दिया व्यसनमुक्त समाज का संदेश
कार्यक्रम में कलाकारों ने प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशे के दुष्परिणामों और पारिवारिक मूल्यों के महत्व को जीवंत रूप में दर्शाया। प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भावुक करने के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश भी दिया।
ब्रह्माकुमारी परिवार का हुआ सम्मान
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्थान की प्रमुख आदरणीय ज्योति दीदी, गीता दीदी, नीतू दीदी सहित जिले के विभिन्न केंद्रों से आए ब्रह्माकुमारी परिवार के सदस्यों तथा कला एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में जिलेभर से आए 1000 से अधिक नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
यह भी पढ़े :-
PM मोदी ने किया छिंदवाड़ा और जुन्नारदेव रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण, 43 करोड़ से बदली तस्वीर
नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान के तहत कारीरात में बच्चों को बताया नशे का सच



