क्राइमछिंदवाड़ामध्यप्रदेश

8 माह की गर्भवती पत्नी की बेरहमी से मारपीट, जच्चा-बच्चा दोनों की मौत; पति पुलिस हिरासत में

पातालेश्वर में दिल दहला देने वाली घटना, विवाद के बाद पति पर पत्नी को पीटने का आरोप; जिला अस्पताल में उपचार के दौरान हुई मौत

8 माह की गर्भवती पत्नी से मारपीट, जच्चा-बच्चा दोनों की मौत; पति हिरासत में

chhindwara 02 September 2026
छिंदवाड़ा यशो:- कुंडीपुरा थाना क्षेत्र के पातालेश्वर में मंगलवार देर रात घरेलू विवाद के बाद 8 माह की गर्भवती महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। गंभीर हालत में महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला के गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्रेम विवाह के बाद शुरू हो गए थे विवाद

कुंडीपुरा थाना प्रभारी महेंद्र भगत के अनुसार मृतका की पहचान सोनिया करोसिया (19) के रूप में हुई है। सोनिया ने करीब एक वर्ष पहले निहाल करोसिया के साथ प्रेम विवाह किया था। पुलिस के अनुसार शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच विवाद होने लगे थे।

बताया गया है कि मंगलवार देर रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान निहाल ने सोनिया के साथ मारपीट की। गंभीर रूप से घायल होने के बाद सोनिया की हालत बिगड़ गई और उसे अस्पताल ले जाया गया।

गंभीर चोट के बाद जिला अस्पताल में मौत

पुलिस के मुताबिक मारपीट में सोनिया को गंभीर चोटें आई थीं। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार महिला के शरीर में गंभीर चोट के साथ लिवर फटने की बात सामने आई है, हालांकि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।

सोनिया आठ माह की गर्भवती थी। उसकी मौत के साथ गर्भ में पल रहे बच्चे को भी नहीं बचाया जा सका।

सिवनी की रहने वाली थी सोनिया

पुलिस के अनुसार सोनिया मूल रूप से सिवनी जिले की रहने वाली थी। करीब एक वर्ष पहले निहाल के साथ प्रेम संबंध के बाद दोनों ने अपनी मर्जी से विवाह किया था। शुरुआती वैवाहिक जीवन के बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे थे।

फिलहाल कुंडीपुरा पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटनाक्रम, मारपीट के कारण और मौत से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़े :-दादाधाम एक्सप्रेस 3 दिन पांढुर्णा और 3 दिन छिंदवाड़ा होकर चले : सांसद

छिंदवाड़ा से सावनेर तक 6 लेन सड़क की मांग, सड़क परिवहन मंत्री को भेजा पत्र

सिवनी में किरायेदारों से लेकर होटल-लॉज तक होगी निगरानी, कलेक्टर ने जारी किया प्रतिबंधात्मक आदेश

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर दो दिवसीय श्रीमहाकाली साधना शिविर 3 और 4 सितंबर को

https://gwalior.mppolice.gov.in/%E0%A4%AE%E0%A5%88%E0%A4%B0%E0%A4%BF%E0%A4%9C-%E0%A4%97%E0%A4%BE%E0%A4%B0%E0%A5%8D%E0%A4%A1%E0%A4%A8-%E0%A4%B8%E0%A5%87-%E0%A4%B2%E0%A4%BE%E0%A4%96%E0%A5%8B%E0%A4%82-%E0%A4%95%E0%A5%87-%E0%A4%B8/

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button