मध्यप्रदेशछिंदवाड़ा

मुख्यमंत्री की भाषा अमर्यादित, जनता के बीच घटते जनाधार से बौखलाए हैं सरकार: नकुलनाथ

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर की गई टिप्पणी को बताया संगठन पर हमला, कहा- विपक्ष की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता

मुख्यमंत्री की भाषा अमर्यादित और अशोभनीय: नकुलनाथ का मुख्यमंत्री मोहन यादव पर पलटवार

Chhindwara 01 june 2026
छिंदवाड़ा यशो:- छिंदवाड़ा के पूर्व सांसद नकुलनाथ ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को लेकर दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रयुक्त भाषा अमर्यादित, अशोभनीय और लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।

नकुलनाथ ने जारी बयान में कहा कि प्रदेश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से मर्यादित भाषा और संतुलित आचरण की अपेक्षा की जाती है। मुख्यमंत्री द्वारा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ की गई टिप्पणी स्वस्थ और स्वच्छ राजनीति के लिए अच्छा संकेत नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसी भाषा मुख्यमंत्री के पद की गरिमा के अनुरूप नहीं है और इसकी जितनी निंदा की जाए, कम है।

पूर्व सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री की टिप्पणी किसी व्यक्ति विशेष तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे कांग्रेस संगठन पर किया गया भाषाई प्रहार है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जनता की समस्याओं को लगातार उठा रहा है, जिससे सत्ता पक्ष असहज महसूस कर रहा है।

नकुलनाथ ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी किसानों, युवाओं, कर्मचारियों और आम जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे हैं। यही कारण है कि सरकार विपक्ष की आवाज़ को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है और उसे अपशब्दों या व्यक्तिगत टिप्पणियों से कमजोर नहीं किया जा सकता।

उन्होंने दावा किया कि जनता के बीच घटते जनाधार और बढ़ते जन असंतोष के कारण सरकार हताशा में इस प्रकार की भाषा का प्रयोग कर रही है। विपक्ष जनता के मुद्दों को उठाता रहेगा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

https://x.com/INCMP/status/2061326520556322892?s=20

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!