मध्यप्रदेशसिवनी

विशेष आवश्यकता वाली छात्राओं के बीच बैठीं कलेक्टर नेहा मीना, साथ किया भोजन; छात्रावास की व्यवस्थाएं सुधारने के दिए सख्त निर्देश

छात्राओं से आत्मीय संवाद कर जानी पढ़ाई, स्वास्थ्य और सुविधाओं की जानकारी

CWSN Hostel Seoni पहुंचीं कलेक्टर नेहा मीना, छात्राओं के साथ किया भोजन, व्यवस्थाएं सुधारने के दिए निर्देश

Seoni, 19 July 2026
सिवनी यशो:- जिले की कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने रविवार को विशेष आवश्यकता वाली छात्राओं (CWSN) के छात्रावास का निरीक्षण कर संवेदनशील प्रशासन की मिसाल पेश की।

उन्होंने छात्रावास में रह रही छात्राओं के बीच बैठकर भोजन किया, उनसे आत्मीय संवाद किया और उनकी पढ़ाई, स्वास्थ्य, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली।

कलेक्टर नेहा मीना सीडब्ल्यूएसएन छात्रावास सिवनी में विशेष आवश्यकता वाली छात्राओं के साथ भोजन करते हुए
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने सीडब्ल्यूएसएन छात्रावास का निरीक्षण कर छात्राओं के साथ भोजन किया और व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती मीना ने प्रत्येक छात्रा से व्यक्तिगत परिचय प्राप्त करते हुए उनकी दिनचर्या, शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल गतिविधियों के बारे में चर्चा की।

छात्राओं ने भी खुलकर अपनी बातें साझा कीं। कलेक्टर ने उनकी रुचि के अनुरूप खेल सामग्री उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

छात्रावास में भोजन के समय कलेक्टर स्वयं छात्राओं के साथ एक ही पंक्ति में बैठीं और भोजन ग्रहण किया। भोजन से पहले छात्राओं द्वारा की गई प्रार्थना में भी उन्होंने सहभागिता निभाई।

इस आत्मीय व्यवहार से छात्राओं के चेहरे खिल उठे और पूरे परिसर में अपनत्व का वातावरण दिखाई दिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास के वार्ड, अध्ययन कक्ष, भोजन कक्ष, मेस, रसोई सहित संपूर्ण परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भोजन की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा बच्चों की आयु और पोषण संबंधी आवश्यकताओं के अनुरूप विशेष भोजन मेनू तैयार कर नियमित रूप से पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए।

साथ ही भोजन के नमूनों की नियमित जांच और पानी की टंकियों की समय-समय पर सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

विशेष आवश्यकता वाली छात्राओं के समग्र विकास को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर ने सामाजिक न्याय विभाग के डीडीआरसी (DDRC) एवं एमआरसी (MRC) के विशेषज्ञों की नियमित सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए,

ताकि छात्राओं को चिकित्सकीय, पुनर्वास एवं परामर्श संबंधी सुविधाएं समय पर मिल सकें। उन्होंने विषय विशेषज्ञ शिक्षकों के माध्यम से साइन लैंग्वेज एवं अन्य विशेष शिक्षण गतिविधियां भी नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए कलेक्टर ने अग्निशामक यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों का निरीक्षण किया और उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने आवश्यकतानुसार नए बेड उपलब्ध कराने, परिसर में शेड निर्माण, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, खिड़कियों में मच्छर जालियां लगाने, भवन का रंग-रोगन कराने, अनुपयोगी सामग्री को व्यवस्थित भंडारित करने तथा सभी मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

कलेक्टर श्रीमती मीना ने छात्रावास परिसर में पोषण वाटिका विकसित करने के निर्देश देते हुए पपीता, मोरिंगा, मीठी नीम सहित अन्य फलदार एवं उपयोगी पौधे लगाने को कहा। उन्होंने परिसर की स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के अंत में कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ, स्नेहपूर्ण एवं सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने छात्रावास में उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए स्टाफ के कार्यों की सराहना की तथा बच्चों के हित में सभी सुधारात्मक कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़े :-

खिले 10.54 लाख किसानों के चेहरे: सीएम डॉ. मोहन यादव ने एक क्लिक में खातों में भेजे 1460.25 करोड़, फसल बीमा से मिली बड़ी राहत

18 लाख पेंशनर्स को बड़ी राहत! MP-छत्तीसगढ़ ने खत्म की ‘परस्पर सहमति’ की शर्त, अब डीआर भुगतान का रास्ता साफ

57 बिजली खंभों से तार चुराने वाला गिरोह बेनकाब, 4 आरोपी गिरफ्तार; 7 नाबालिग अभिरक्षा में, ₹22 लाख का माल जब्त

नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान के तहत कारीरात में बच्चों को बताया नशे का सच 

https://pmevidya.education.gov.in/cwsn.html

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button