कलेक्टर शीतला पटले सख्त, CM हेल्पलाइन व जनसुनवाई के लंबित प्रकरणों पर एक सप्ताह की डेडलाइन
समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को फटकार, खाद-बीज, धान उपार्जन, FLN मेला और सड़क सुरक्षा पर सीधे निर्देश
Seoni 29 December 2025
सिवनी यशो:- कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले ने प्रशासनिक ढिलाई पर सख्त रुख अपनाते हुए CM हेल्पलाइन, जनसुनवाई और समय-सीमा में दर्ज सभी लंबित प्रकरणों को एक सप्ताह में निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब शिकायतों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर कलेक्टर सी.एल. चनाप,
अपर कलेक्टर सुश्री सुनीता खंडायत,
एसडीएम सिवनी श्रीमती पूर्वी तिवारी
सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे,
जबकि खंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
CM हेल्पलाइन व जनसुनवाई पर कड़ी निगरानी
बैठक में कलेक्टर ने CM हेल्पलाइन, जनसुनवाई, हितग्राहीमूलक योजनाओं और
न्यायालयीन प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण,
पारदर्शी और समयबद्ध निराकरण किया जाए।
लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
खाद-बीज वितरण में टोकन सिस्टम लागू करने के आदेश
खाद एवं बीज भंडारण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने किसानों की सुविधा के लिए वितरण केंद्रों पर समयवार टोकन प्रणाली लागू करने और व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
धान उठाव तेज करने परिवहन व्यवस्था मजबूत
धान उपार्जन की समीक्षा में जिला आपूर्ति अधिकारी को उठाव तेज करने तथा परिवहन व्यवस्था मजबूत करने के आदेश दिए गए।
2029 स्कूलों में FLN मेला, अधिकारियों को फील्ड विजिट अनिवार्य
कलेक्टर ने 2029 प्राथमिक विद्यालयों में आयोजित होने वाले FLN मेले की तैयारियों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर गतिविधियों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए राहवीर योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया।



