अनहोनी मेला 10 से 18 जनवरी तक, व्यवस्थाओं पर कलेक्टर सख्त
भीड़, ट्रैफिक और सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को साफ निर्देश
Chhindwara 01 January 2026
छिंदवाड़ा यशो:- आगामी 10 जनवरी से 18 जनवरी 2026 तक विकासखंड तामिया की ग्राम पंचायत अनहोनी में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध अनहोनी मेले को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में अनहोनी मंदिर परिसर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री नारायन ने बैठक में विभागवार तैयारियों की गहन समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था, साफ-सफाई, ट्रैफिक नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
ट्रैफिक, पानी, बिजली और सुरक्षा पर विशेष फोकस
कलेक्टर ने जनपद पंचायत तामिया को मेला क्षेत्र में स्वच्छता एवं पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, वहीं पुलिस विभाग को यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त बल तैनात करने को कहा।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने, वन विभाग को रात्रिकालीन अलाव एवं सुरक्षा हेतु फॉरेस्ट गार्ड की ड्यूटी लगाने तथा विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति के साथ झूलते तार हटाने के निर्देश दिए गए।
मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की रहेगी तैनाती
बैठक में बताया गया कि मेले के दौरान मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की व्यवस्था रहेगी,
ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
कलेक्टर ने शौचालयों की नियमित सफाई और पर्याप्त संख्या में उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि-
श्रद्धालुओं को खुले में शौच के लिए विवश न होना पड़े।
13, 14 और 15 जनवरी को रहेगी सबसे ज्यादा भीड़
प्रशासन ने बताया कि 13, 14 और 15 जनवरी को अनहोनी मेले में श्रद्धालुओं की संख्या अत्यधिक रहती है।
इसे देखते हुए इन तिथियों में –
अतिरिक्त पुलिस बल,
स्वास्थ्य सुविधाएं,
पेयजल और
साफ-सफाई के विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
कलेक्टर श्री नारायन ने कहा कि-
अनहोनी मेला छिंदवाड़ा आस्था, परंपरा और क्षेत्रीय संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है।
सभी विभाग समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि मेला शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।
गरम कुंड है अनहोनी मेले की पहचान
उल्लेखनीय है कि मकर संक्रांति के अवसर पर लगने वाला अनहोनी मेला छिंदवाड़ा अपने प्राकृतिक गर्म पानी के कुंड (गरम कुंड) के लिए प्रसिद्ध है।
मान्यता है कि यहां स्नान करने से त्वचा रोगों में लाभ मिलता है और श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
यह कुंड प्राकृतिक रूप से चौबीसों घंटे गर्म रहता है, बिना किसी बाहरी व्यवस्था के—इसी कारण इसे “अनहोनी” कहा जाता है।



