शिकायत पर जाँच नहीं, अब भ्रष्टाचार पर भारी पड़ रहा शिकायतकर्ता
करोड़ो रूपये की लूट, प्रमाणित शिकायतो पर भी कार्यवाही नहीं, परेशान शिकायत कत्र्ता ने ऐसा किया अब केवल उसी विषय में हो रही है चर्चा
Seoni 26 February 2025
सिवनी यशो :- सिवनी जिला कलेक्टर की हर मंगलवार को होने वाली नियमित जनसुनवाई में केवलारी के संजीत बघेल नामक युवक ने अपनी बात को प्रभावी तरीके से रखने का जो तरीका अपनाया वह मीडिया जगत की सुर्खियों में सरीख हो गया । संजीत बघेल अपने पूरे शरीर में शिकायतो को चिपकाकर कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुँचे जिससे सभी की नजरे केवल उन पर जाकर टिक गयी । संजीत बघेल का कहना था कि अनेक विभागो में जमकर भ्रष्टाचार और अनियमित्ताएँ हो रही है, जिसकी उनके द्वारा जिला कलेक्टर के साथ अन्य संबंधितों को शिकायते की गयी परंतु आज दिनांक तक उन शिकायतो पर कोई कार्यवाही नहीं हुई जिससे उन्हें यह तरीका अपनाना पड़ ।
संजीत बघेल का कहना है कि जिले में अलग-अलग शासकीय विभाग एवं कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार की मय प्रमाण लिखित शिकायत दर्ज करवाई गई है, किंतु उनमें कार्यवाही नहीं की जा रही ।
संजीत बघेल द्वारा दिनांक 13/05/2024 को कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी कार्यालय में उपस्थित होकर,जनपद पंचायत केवलारी में व्याप्त भ्रष्टाचार जिसमें 1,15,80,824/रुपयों के संदिग्ध भुगतान की लिखित शिकायत दर्ज करवा कर कार्यवाही की मांग की गई है। इस पर कोई संज्ञान नहीं लिया गया ।
स्मार्ट क्लास के नाम पर शासकीय धन की लूट
जनसुनवाई में जिला कलेक्टर को दिये आवेदन में संजीत ने उल्लेख किया है कि उनके द्वारा 02 जुलाई 2024 को जिले की केवलारी विधानसभा में विधायक निधि से 42 शासकीय विद्यालय में हुए स्मार्ट क्लास के नाम पर भ्रष्टाचार की मय प्रमाण लिखित शिकायत दर्ज करवाई गई है। जिसमें संबंधित 42 शासकीय विद्यालयों के प्राचार्य एवं छिंदवाड़ा जिला निवासी आदि कंप्यूटर के संचालक आशीष जैन के द्वारा षडयंत्र पूर्वक फर्जी दस्तावेज तैयार कर, कुल राशि 94,50000/रुपयों की शासकीय राशि की खुली लूट की गई है।
नगर परिषद केवलारी में 8 करोड़ रूपये का संदिग्ध भुगतान
आवेदन में श्री बघेल ने लिखा है कि इसी प्रकार मेरे द्वारा दिनांक 08/11/2024 को कार्यालय नगर परिषद केवलारी, जिला सिवनी, मध्य प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं निर्वाचित 08 पार्षदों के समर्थन पत्र के साथ 08 करोड रुपए से अधिक के संदिग्ध भुगतान की लिखित शिकायत दर्ज करवरकर उचित कार्रवाई की मांग की गई है।
कृषि भूमि पर नियम विरूद्ध प्लाटिंग
संजीत बघेल के अनुसार धनौरा में कृषि भूमि पर नियम विरूद्ध प्लाटिंग की गयी है । जिसकी शिकायत 26 नवंबर 2024 को करते हुये बताया गया था कि ग्राम धनोरा में खसरा क्रमांक 48 एवं 48/2 के भूमि स्वामी द्वारा कृषि भूमि का नियम विरुद्ध छोटे-छोटे 61 भूखंडों (अवैध प्लाटिंग) का विक्रय किया गया है,जिसकी मय प्रमाण लिखित शिकायत दर्ज कराई गयी थी परंतु कोई कार्यवाही नहीं हुई ।
10 लाख से अधिक के संदिग्ध भुगतान
आवेदक श्री बघेल ने जनपद पंचायत लखनादौन में व्याप्त भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत 24 दिसंबर 24 को की थी जिसमें बताया गया था कि जनपद पंचायत लखनादौन द्वारा 1,10,21,277/ रुपयों के संदिग्ध भुगतान किये गये जिसकी जाँच कर कार्यवाही की मांग की गई थी ।
बरघाट में स्मार्ट क्लास के नाम पर 60 लाख से अधिक की लूट
संजीत ने 10 जनवरी 2025 को जिले की बरघाट विधानसभा में विधायक निधि से 27 शासकीय विद्यालय में हुए स्मार्ट क्लास के नाम पर भ्रष्टाचार की मय प्रमाण लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। जिसमें संबंधित 27 शासकीय विद्यालयों के प्राचार्य एवं छिंदवाड़ा जिला निवासी आदि कंप्यूटर के संचालक आशीष जैन के द्वारा षडयंत्र पूर्वक फर्जी दस्तावेज तैयार कर, कुल राशि 60,75000/रुपयों की शासकीय राशि की खुली लूट की गई है।
आवेदक संजीत बघेल ने कहा है कि उपरोक्त प्रमाणित शिकायतों के बावजूद संबंधित विभागो के कर्णधारों द्वारा कोई कार्यवाही करना तो दूर की है शिकायतों पर क्या कार्यवाही हुई इस बात से भी मुझे अवगत नहीं कराया गया ।


