मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने पर कांग्रेस का उपवास-धरना, भाजपा पर लगाए लोकतंत्र कमजोर करने के आरोप
अंबेडकर प्रतिमा के सामने प्रदर्शन, कलेक्टर कार्यालय घेराव और निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन
मीनाक्षी नटराजन नामांकन निरस्त होने पर सिवनी कांग्रेस का धरना
Seoni, 10 June 2026
सिवनी यशो:- मध्यप्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी सुश्री मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी सिवनी द्वारा बुधवार को विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष उपवास रखकर धरना दिया तथा बाद में कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया।
वहीं जिला युवा कांग्रेस द्वारा कचहरी चौक में मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन भी किया गया।

“भाजपा लोकतंत्र खत्म करना चाहती है” – नरेश मरावी
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नरेश मरावी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा “वोट चोरी करते-करते अब सीट चोरी” तक पहुंच गई है।
कांग्रेस ने गांधीवादी विचारधारा से प्रेरित सुश्री मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा प्रत्याशी बनाया था और पार्टी के पास उन्हें निर्वाचित कराने के लिए पर्याप्त संख्या बल भी मौजूद था।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने पर्याप्त संख्या नहीं होने के बावजूद तीसरा प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारा और कांग्रेस विधायकों को प्रभावित करने के प्रयास किए।
जब उसमें सफलता नहीं मिली तो चुनाव आयोग के माध्यम से कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन निरस्त कराया गया।
“महिला विरोधी मानसिकता उजागर हुई”
नरेश मरावी ने कहा कि भाजपा विपक्ष को समाप्त करना चाहती है और सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर किसी भी तरह सत्ता में बने रहने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त कर भाजपा ने अपनी “महिला विरोधी मानसिकता” को उजागर किया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा लगातार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है और यदि यही स्थिति रही तो देश में लोकतंत्र खतरे में पड़ जाएगा।

अंबेडकर प्रतिमा के सामने उपवास-धरना
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा के समक्ष सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक उपवास रखकर धरना दिया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा को लेकर नारेबाजी भी की।
युवा कांग्रेस ने फूंका पुतला
धरना प्रदर्शन के बाद जिला युवा कांग्रेस द्वारा कचहरी चौक में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह का पुतला दहन किया गया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता बनाए रखने की मांग उठाई।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर जेपीएस तिवारी, जिला कांग्रेस संगठन महासचिव हाजी मोहम्मद हनीफ अंसारी, मोहन सिंह चंदेल,
शिवराम सनोडिया, विष्णु करोसिया, अतुलचंद मालू, घनश्याम सनोडिया, यशपाल भलावी, राजिक अकील, आजम दीवान अली, नगर कांग्रेस अध्यक्ष तनवीर अहमद, तेजसिंह रघुवंशी, रंजीत यादव,
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य “मोंटू” भूरा, विजय उइके, नितिन डेहरिया, पवन रेखा रिनायत, पदम सनोडिया, अशोक सिरसाम,
उदयसिंह बघेल, विनोद यादव, विनोद नामदेव, शिवदीप डेहरिया, पंकज मिश्रा, जिला एनएसयूआई अध्यक्ष धनंजय सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।



