2027 निकाय चुनाव की तैयारी में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता, जनता के बीच संगठन की परीक्षा होंगे चुनाव: नकुलनाथ
राजीव भवन में छिंदवाड़ा और पांढुर्ना कांग्रेस के पर्यवेक्षकों व प्रभारियों की बैठक, बूथ स्तर से संगठन मजबूत करने का आह्वान
नकुलनाथ निकाय चुनाव – 2027 निकाय चुनाव की तैयारी शुरू, नकुलनाथ बोले- जनता के बीच संगठन की होगी परीक्षा
Chhindwara 22 July 2026
छिंदवाड़ा यशो:- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं छिंदवाड़ा के पूर्व सांसद नकुलनाथ ने कहा कि वर्ष 2027 में प्रस्तावित नगरीय निकाय चुनाव केवल स्थानीय जनप्रतिनिधियों के चुनाव नहीं होंगे, बल्कि जनता के बीच कांग्रेस संगठन की पहुंच, विश्वसनीयता और जनसेवा के संकल्प की वास्तविक परीक्षा भी होंगे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों में जुट जाने का आह्वान किया।
राजीव भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित छिंदवाड़ा एवं पांढुर्ना जिला कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षकों एवं प्रभारियों की बैठक में शामिल हुए नकुलनाथ का पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ और पुष्पहार से स्वागत किया।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी निकाय चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
निकाय चुनाव विधानसभा और लोकसभा से अलग
बैठक को संबोधित करते हुए नकुलनाथ ने कहा कि नगरीय निकाय चुनावों का स्वरूप विधानसभा और लोकसभा चुनावों से अलग होता है।
इन चुनावों में स्थानीय मुद्दे, प्रत्याशी की जनता के बीच स्वीकार्यता और संगठन की सक्रियता निर्णायक भूमिका निभाती है।
इसलिए नगर निगम, नगर पालिका, नगर परिषद और नगर पंचायतों के साथ-साथ जिला, जनपद और ग्राम पंचायतों के चुनाव भी कांग्रेस के लिए उतने ही महत्वपूर्ण हैं जितने विधानसभा और लोकसभा चुनाव।
उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक मजबूती का आकलन स्थानीय निकाय चुनावों से ही होता है। इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी गंभीरता और समर्पण के साथ संगठन को जमीनी स्तर तक सक्रिय करना होगा।
जनता से सतत संवाद पर दिया जोर
नकुलनाथ ने कहा कि यदि संगठनात्मक समन्वय, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और जनता से निरंतर संवाद बनाए रखा गया तो कांग्रेस निकाय चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
उन्होंने कहा कि जितनी मजबूत तैयारियां होंगी, जीत की संभावना भी उतनी ही अधिक होगी।
उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में 413 नगरीय निकायों में चुनाव प्रस्तावित हैं, जिनमें 16 नगर निगम, 99 नगर पालिकाएं और 298 नगर परिषदें शामिल हैं।
नगर निगमों में महापौर और पार्षदों का चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से होगा, इसलिए तैयारी में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
ब्लॉक अध्यक्ष संगठन की रीढ़
इसके बाद आयोजित छिंदवाड़ा एवं पांढुर्ना जिला कांग्रेस कमेटी के ब्लॉक अध्यक्ष एवं उप ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करते हुए नकुलनाथ ने कहा कि ब्लॉक अध्यक्ष और उप ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस संगठन की रीढ़ हैं।
उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी इन्हीं पदाधिकारियों के कंधों पर है।
उन्हें विश्वास है कि सभी ब्लॉक और उप ब्लॉक अध्यक्ष संगठन को मजबूत करने और प्रत्येक जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
बैठक में छिंदवाड़ा और पांढुर्ना जिला कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक, प्रभारी, ब्लॉक अध्यक्ष, उप ब्लॉक अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े :-
बरघाट सिविल अस्पताल फिर बना 100 बिस्तरीय, मुख्यमंत्री की घोषणा पर मिली स्वीकृति
पेंच व्यपवर्तन नहर परियोजना दिसंबर 2026 तक होगी पूरी, विधानसभा में सरकार ने दी विस्तृत जानकारी
CM डॉ. मोहन यादव का बड़ा संदेश: मध्यप्रदेश पुलिस बने देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस



