पेंच व्यपवर्तन नहर परियोजना दिसंबर 2026 तक होगी पूरी, विधानसभा में सरकार ने दी विस्तृत जानकारी
विधायक दिनेश राय मुनमुन के प्रश्न पर जल संसाधन मंत्री का जवाब, 37,059 हेक्टेयर क्षेत्र को मिल चुका सिंचाई का लाभ
पेंच व्यपवर्तन नहर परियोजना पर बड़ा अपडेट, दिसंबर 2026 तक पूरा होगा निर्माण कार्य
Seoni 22 July 2026
भोपाल/सिवनी यशो:- मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में सिवनी विधानसभा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित पेंच व्यपवर्तन नहर परियोजना को लेकर विधायक दिनेश राय मुनमुन द्वारा पूछे गए प्रश्न के जवाब में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने परियोजना की वर्तमान स्थिति, शेष निर्माण कार्य और समय-सीमा की विस्तृत जानकारी सदन में प्रस्तुत की। मंत्री ने स्पष्ट किया कि परियोजना का निर्माण कार्य अभी पूर्ण नहीं हुआ है और विभिन्न स्थानों पर कार्य प्रगति पर है। सरकार का लक्ष्य 31 दिसंबर 2026 तक शेष सभी कार्य पूरे करने का है।
मंत्री ने बताया कि सिवनी विधानसभा क्षेत्र के किसानों को परियोजना का लाभ मिलना शुरू हो चुका है। वर्ष 2025-26 के दौरान निर्मित नहरों के माध्यम से 37,059 हेक्टेयर कृषि भूमि में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है, जिससे हजारों किसानों को राहत मिली है।
डी-4 शाखा नहर का अधिकांश निर्माण पूरा
विधानसभा में दी गई जानकारी के अनुसार डी-4 वितरक मुख्य नहर की कुल लंबाई 21 किलोमीटर है। इसमें से 20.70 किलोमीटर निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि केवल 300 मीटर क्षेत्र में हार्ड रॉक को निर्धारित स्तर (सीबीएल) तक लाने का कार्य शेष है। यह कार्य वर्तमान में प्रगति पर है।
मंत्री ने विधायक द्वारा उठाए गए उस मुद्दे का भी जवाब दिया जिसमें एमपीआरडीसी सड़क क्रॉसिंग पर पानी निकासी के लिए पुलिया नहीं बनने की बात कही गई थी। सरकार ने स्पष्ट किया कि ग्राम नगझर के पास एमपीआरडीसी रोड क्रॉसिंग पर वर्ष 2017-18 में ही 2 मीटर व्यास के सायफन का निर्माण कराया जा चुका है, जिससे पानी निकासी की व्यवस्था उपलब्ध है।
खामखरेली क्षेत्र में हार्ड रॉक बना चुनौती
सरकार ने स्वीकार किया कि खामखरेली गांव और तालाब किनारे हार्ड रॉक मिलने के कारण निर्माण कार्य की गति प्रभावित हुई है। यहां अभी लगभग 60 मीटर पाइप लाइन बिछाने तथा 300 मीटर हार्ड रॉक कटिंग का कार्य शेष है। संबंधित निर्माण एजेंसी द्वारा यह कार्य किया जा रहा है।
बजरवाड़ा उप-माइनर में खुदाई और लाइनिंग का कार्य जारी
जल संसाधन मंत्री ने बताया कि डी-4 उप-माइनर बजरवाड़ा में लगभग 850 मीटर खुदाई कार्य अभी शेष है। वहीं श्रीराम कंस्ट्रक्शन को सौंपे गए 31 किलोमीटर लाइनिंग कार्य में अब तक 8 किलोमीटर लाइनिंग पूरी हो चुकी है। शेष कार्य वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद कराया जाएगा ताकि निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनी रहे।
31 दिसंबर 2026 तक पूरा होगा निर्माण
सरकार ने विधानसभा में स्पष्ट किया कि पेंच व्यपवर्तन नहर परियोजना के सभी लंबित निर्माण कार्यों को 31 दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभाग इसी समय-सीमा के अनुसार कार्य करा रहा है।
विधायक ने उठाए थे कई महत्वपूर्ण मुद्दे
विधायक दिनेश राय मुनमुन ने अपने प्रश्न में नहर निर्माण की स्थिति, किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की समय-सीमा, डी-4 शाखा में अधूरे कार्य, पुलिया निर्माण, हार्ड रॉक के कारण निर्माण में देरी, बजरवाड़ा उप-माइनर की खुदाई और लाइनिंग कार्य सहित वर्ष 2014 से अब तक इस परियोजना से जुड़े विधानसभा प्रश्नों की जानकारी भी मांगी थी। सरकार ने बताया कि वर्ष 2014 से संबंधित जानकारी परिशिष्ट में उपलब्ध कराई गई है।
किसानों की नजर अब तय समय-सीमा पर
पेंच व्यपवर्तन नहर परियोजना सिवनी जिले की महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाओं में शामिल है। परियोजना के पूर्ण होने के बाद बड़ी संख्या में किसानों को स्थायी सिंचाई सुविधा मिलने की उम्मीद है। ऐसे में अब क्षेत्र के किसानों की निगाहें सरकार द्वारा घोषित 31 दिसंबर 2026 की समय-सीमा पर टिकी हैं।
यह भी पढ़ें:-
पेंच टाइगर रिजर्व में 47 मैदानी कर्मचारियों को मिली पदोन्नति, पिपिंग सेरेमनी में कंधों पर सजे स्टार



