महिला कर्मचारी से अभद्रता,एसडीओ पर विभागीय जांच तेज, कमलबंद बयान दर्ज
कर्मचारियों ने कहा - वरिष्ठ अधिकारी कर रहे हैं मामले को दबाने की कोशिश
Seoni 10 November 2025
सिवनी यशो:- सिवनी दक्षिण वनमंडल में पदस्थ एक एसडीओ पर विभागीय अधीनस्थ कर्मचारियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतों में अधिकारी पर कर्मचारियों से नियम विरुद्ध कार्य करवाने, अभद्र व्यवहार करने और पद के दुरुपयोग जैसे मामलों का उल्लेख किया गया है।
इन शिकायतों की जांच जिला कलेक्टर और विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों के पास लंबित है। सूत्रों के अनुसार, जांच की प्रक्रिया लंबे समय से जारी है, किंतु अब तक किसी ठोस कार्रवाई के अभाव में विभागीय कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
महिला कर्मचारी से अशिष्ट व्यवहार का आरोप
जानकारी के अनुसार, उक्त एसडीओ पर एक महिला कर्मचारी से अभद्रता करते हुये अशिष्ट भाषा में वार्तालाप करने का भी आरोप है।
पीड़ित कर्मचारी ने इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और जांच अधिकारी के समक्ष कमलबंद बयान भी दिए हैं।
इस मामले ने विभागीय वातावरण को और अधिक संवेदनशील बना दिया है।
विभागीय माहौल में नाराज़गी, कार्रवाई की मांग
कर्मचारियों का कहना है कि –
वरिष्ठ अधिकारी जांच के नाम पर मामले को शांत करने की कोशिश कर रहे हैं,
जिससे संबंधित अधिकारी के हौसले और बुलंद होते जा रहे हैं।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक,
अधिकारी द्वारा वनमंडल अधिकारी की जानकारी के बिना कई फाइलों में हस्ताक्षर कर बेजा अधिकारों का प्रयोग किए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
संभावित विरोध की तैयारी
वन विभाग के कर्मचारियों में इस स्थिति को लेकर गहरा रोष है।
सूत्रों का कहना है कि –
यदि जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो कर्मचारी खुलकर विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं।
कुछ कर्मचारियों का यह भी कहना है कि –
अधिकारी की कार्यशैली के कारण विभाग को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है और
भ्रष्टाचार जैसी गतिविधियाँ बढ़ रही हैं



