जिला कलेक्टर ने अनुपस्थित शिक्षकों पर सख्त कार्यवाही के दिये निर्देश
Seoni 10 February 2025
सिवनी यशो:- कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन की अध्यक्षता में सोमवार 10 फरवरी को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत नवजीवन विजय, अपर कलेक्टर सी एल चनाप एवं अपर कलेक्टर सुश्री सुनीता खण्डायत सहित सभी विभागों के कार्यालय प्रमुख उपस्थित थे, वहीं खंडस्तरीय अधिकारी वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े थे।
बैठक में कलेक्टर सुश्री संस्?कृति जैन ने सीएम हेल्प लाईन, समय-सीमा में दर्ज प्रकरण, विभिन्?न आयोग से प्राप्त शिकायतों, न्यायालयीन प्रकरण सहित अन्य योजना की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर सुश्री जैन ने सीएम हेल्पलाईन की समीक्षा के दौरान लोक स्वास्थ्य विभाग की शिकायतों के निराकरण में अपेक्षित प्रगति न होने पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सिवनी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने बिना अटेंड किये उच्च स्तर पर पहुंची शिकायतों में संबंधित अधिकारी पर प्रति शिकायत 100-100 रूपये का अर्थदण्ड अधिरोपित करने के लिए भी निर्देशित किया है।
बैठक में कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन ने शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारियों को शिक्षकों की अनुपस्थिति से संबंधित शिकायतों पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले की सभी शासकीय विद्यालयों की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश सभी संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर सुश्री जैन द्वारा विकासखण्डवार प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्र व्यक्तियों के नाम जोड़े जाने के लिए सर्वें कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने सभी जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्वे कार्य में किसी भी लापरवाही न हो, प्रत्येक पात्र व्यक्ति को पात्रता सूची में शामिल किया जाए तथा अपात्र व्यक्ति का आवेदन निरस्त किया जाए।
बैठक में कलेक्टर सुश्री जैन द्वारा सभी राजस्व अधिकारियों को स्वामित्व योजना के लंबित प्रकरणों में नियमानुसार कार्यवाही कर त्वरित निराकरण करने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री, आधार सीडिंग सहित पीएम किसान सम्मान निधि के पात्र किसानों के ई-केवायसी प्रकरणों के भी तेजी से निराकरण के लिए निर्देशित किया है। कलेक्टर सुश्री जैन ने जिले में 31 मार्च की स्थिति में शत-प्रतिशत एकल नलजल योजनाओं कार्यों को पूरा करने के लिए पीएचई विभाग द्वारा कराए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए, उन्होंने लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर कार्यवाही करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर सुश्री जैन ने जिला परिवहन अधिकारी अपंजीकृत तथा नियम विरूध्द संचालित किए जा रहे वाहनों पर भी सख्त कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया है।



