सिवनी यशो:- कलेक्टर क्षितिज सिंघल की अध्यक्षता में सोमवार 16 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सीईओ नवजीवन विजय, अपर कलेक्टर सुश्री सुनीता खण्डायत सहित सभी विभाग प्रमुखों की उपस्थिति रही साथ ही विकासखण्डस्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
बैठक में सर्वप्रथम कलेक्टर श्री सिंघल ने सीएम हेल्पलाईन में 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों, जिलेवार रैंकिंग के लिए चयनित शिकायतों की विभागवार विस्तृत समीक्षा कर अधिकारियों का निर्देशित किया कि ऐसी सभी शिकायतें जिनमें आचार संहिता का उल्लंघन न हो रहा हो, ऐसी शिकायतों को तत्परता से निराकृत किया जाए। सभी शिकायतों का अनिवार्य रूप से फॉलोअप दर्ज किए जाएं। इसी तरह कलेक्टर श्री सिंघल ने समय सीमा में दर्ज प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निराकरण हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने उपार्जन की तैयारियों, खाद-बीज की उपलब्धता सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
कलेक्टर श्री सिंघल ने सेक्टर अधिकारियों को तथा नोडल के रूप नियुक्त अधिकारियों को निर्वाचन कार्यों को पूरी गम्भीरता से समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसी तरह मतदाता जागरूकता गतिविधियों में विभागवार सौंपी गई जिम्मेदारी का पालन का अधिकतम मतदाताओं को अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए प्रेरित हेतु विविधि गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए।





