सिवनी जिला मध्यप्रदेश में अव्वल, आधार अपडेट अभियान
विद्यार्थियों के लिए आधार अभियान में अगस्त में 21.5 प्रतिशत उपलब्धि
आधार अपडेट अभियान में मध्यप्रदेश में प्रथम सिवनी जिला
Seoni 07 September 2026
सिवनी यशो:- कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के मार्गदर्शन में संचालित ‘विद्यार्थियों के लिए आधार, अब विद्यालय के द्वार’ अभियान के तहत विद्यार्थियों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) में सिवनी जिले ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। जिले ने अगस्त माह में 21.5 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज करते हुए मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई), मध्यप्रदेश के निदेशक ने कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना को पत्र भेजकर बधाई दी और जिले के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन की पूरी टीम, विशेष रूप से स्कूल शिक्षा विभाग और जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी (डीईजीएस) के योगदान को प्रशंसनीय बताया।
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने इस उपलब्धि का श्रेय संबंधित विभागों, अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वित एवं सतत प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को विद्यालय स्तर पर आधार संबंधी सेवाएं सहज, सुलभ और समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किए गए प्रयासों का यह सकारात्मक परिणाम है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में शेष विद्यार्थियों के आधार अपडेट का कार्य भी प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। साथ ही, अभियान की नियमित समीक्षा करते हुए पात्र विद्यार्थियों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यह उपलब्धि जिले में आधार सेवाओं को विद्यार्थियों तक पहुंचाने और शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
यह भी पढ़े :-
भक्ति में सराबोर हुआ चौरई, छठवें वर्ष में पहुंची श्रीराम कथा; कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
पत्रकार शमीम खान पर चाकू से हमले के मामले में कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, सुरक्षा की मांग
बैगा आदिवासी बच्चों की मौत पर कांग्रेस ने उठाई मुआवजे और नौकरी की मांग
केक खाने से आठ बच्चों समेत शिक्षक की तबीयत बिगड़ी, जिला अस्पताल रेफर


