निर्माण कार्यों में देरी पर कलेक्टर नेहा मीना सख्त, लखनादौन के अधिकारियों को नोटिस के निर्देश
15वें वित्त के स्वीकृत कार्य शुरू नहीं होने पर जताई नाराजगी, कहा- फाइलों में नहीं, मौके पर दिखनी चाहिए विकास कार्यों की रफ्तार
सिवनी में निर्माण कार्यों में देरी पर कलेक्टर नेहा मीना सख्त, लखनादौन अधिकारियों को नोटिस
Seoni 07 September 2026
सिवनी यशो:- जिले में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों में अनावश्यक देरी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा कराना होगा और अधिकारियों को लगातार फील्ड में पहुंचकर काम की वास्तविक स्थिति जांचनी होगी। यह सख्त निर्देश कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित निर्माण विभागों की समीक्षा बैठक में दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि अधिकारी केवल कार्यालय में बैठकर निर्माण कार्यों की समीक्षा न करें, बल्कि मौके पर पहुंचकर प्रगति, गुणवत्ता और उपयोगिता का निरीक्षण करें। उन्होंने जिले में लंबे समय से लंबित एवं धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए।
15वें वित्त के कार्य शुरू नहीं होने पर कलेक्टर नाराज
बैठक में 15वें वित्त अंतर्गत स्वीकृत कार्यों के प्रारंभ नहीं होने की स्थिति सामने आने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने जनपद पंचायत लखनादौन के संबंधित अधिकारी एवं सहायक यंत्री को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी कार्य की स्वीकृति मिलने के बाद उसे अनावश्यक रूप से लंबित रखना उचित नहीं है। स्वीकृत कार्यों के लिए आवश्यक प्रक्रिया तत्काल पूरी कराकर निर्माण शुरू कराया जाए तथा प्रत्येक कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
सड़क से स्कूल और पुल-पुलिया तक हुई समीक्षा
समीक्षा बैठक में जिले में संचालित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की विभागवार और कार्यवार जानकारी ली गई। कलेक्टर ने सड़कों, पुल-पुलियाओं, शासकीय कार्यालय भवनों, स्कूल भवनों, छात्रावासों, आश्रमों, सामुदायिक भवनों सहित अन्य निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, भौतिक प्रगति और पूर्णता की स्थिति की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की।
इसके साथ ही सांसद निधि, विधायक निधि एवं खनिज मद से स्वीकृत एवं संचालित कार्यों की भी समीक्षा की गई। निर्माण कार्यों में आ रही तकनीकी अथवा अन्य बाधाओं की जानकारी लेकर उनके तत्काल निराकरण के निर्देश दिए गए।
गुणवत्ता से समझौता किया तो होगी कार्रवाई
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। प्रत्येक निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मापदंडों और स्वीकृत प्रावधानों के अनुरूप होना चाहिए।
उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को कार्यस्थल पर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों का आवश्यक सत्यापन कर उनकी उपयोगिता सुनिश्चित करने को कहा।
धीमे निर्माण कार्यों की होगी अलग से मॉनिटरिंग
कलेक्टर ने कहा कि जिन निर्माण कार्यों की गति धीमी है, उनकी अलग से निगरानी की जाए। निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय कर बाधाओं को दूर किया जाए और कार्यों को गति दी जाए।
उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं और निर्माण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग के लिए जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों का टूर कार्यक्रम भी होगा अनिवार्य
कलेक्टर ने पंचायत विभाग के सभी संबंधित अधिकारियों को अपना टूर कार्यक्रम अनिवार्य रूप से मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य फील्ड निरीक्षण और निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग को प्रभावी बनाना है।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति कागजों में नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देनी चाहिए। अधिकारी नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करें और यदि कहीं कार्य में लापरवाही, देरी या गुणवत्ता संबंधी समस्या सामने आती है तो तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को आपसी समन्वय के निर्देश
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली शाह सहित लोक निर्माण विभाग, भवन विकास निगम, मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, जनजातीय कार्य विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित संबंधित विभागों एवं निर्माण एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने सभी विभागों एवं निर्माण एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए जिले के निर्माण एवं विकास कार्यों को गति देने तथा प्रत्येक कार्य को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़े :-
सेवा संकल्प अभियान की कार्ययोजना को लेकर भाजपा की बैठक, 7 सितंबर को जिला कार्यसमिति व कार्यशाला
केक खाने से आठ बच्चों समेत शिक्षक की तबीयत बिगड़ी, जिला अस्पताल रेफर
टीचर्स डे पर CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान, ऑफलाइन होगी TET
सिवनी जिला मध्यप्रदेश में अव्वल, आधार अपडेट अभियान
https://www.strongholdengineering.com/5-common-construction-delays-and-how-to-avoid-them/

