पेंच टाइगर रिजर्व सिवनी के इको सेंसिटिव जोन की प्रारूप आंचलिक महायोजना जारी – नागरिक 30 दिन में दें अपने सुझाव
Seoni 04 November 2025
सिवनी यशो:- पेंच टाइगर रिजर्व, सिवनी के पारिस्थितिक संवेदी क्षेत्र (इको सेंसिटिव जोन) के लिए प्रारूप आंचलिक महायोजना (ड्राफ्ट जोनल मास्टर प्लान) तैयार कर ली गई है। इस योजना के संबंध में नागरिक, व्यवसायी, जनप्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित व्यक्ति अपने सुझाव और आपत्तियाँ दर्ज करा सकते हैं।
क्षेत्र संचालक देवप्रसाद जे. (भा.व.से.) ने बताया कि यह ड्राफ्ट योजना पर्यावरण विभाग के आदेश दिनांक 22 सितम्बर 2025 तथा प्रारूप सूचना दिनांक 22 सितम्बर 2025 के आधार पर तैयार की गई है। इच्छुक व्यक्ति इस प्रारूप योजना की प्रति का अवलोकन कार्यालय क्षेत्र संचालक, पेंच टाइगर रिजर्व, पुराना आरटीओ कार्यालय के पास, बारापत्थर, सिवनी में उपस्थित होकर कर सकते हैं।
इसके अलावा योजना की प्रति टाइगर रिजर्व की आधिकारिक वेबसाइट www.penchtiger.org पर भी उपलब्ध है, जिसे नागरिक ऑनलाइन देखकर अथवा डाउनलोड कर सकते हैं।
सभी इच्छुक नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने महत्वपूर्ण सुझाव या आपत्तियाँ निर्धारित अवधि (30 दिनों के भीतर) पेंच प्रबंधन कार्यालय को प्रस्तुत करें ताकि अंतिम योजना में जनहित और पर्यावरण संरक्षण दोनों के बीच संतुलन सुनिश्चित किया जा सके।



