छिंदवाड़ामध्यप्रदेशसिवनी
छिंदवाड़ा में फिर बजेंगी चुनावी रणभेदियाँ : भाजपा एवं कांग्रेस की तैयारियां तेज
अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव 10 जुलाई को, कमलेश शाह भाजपा से लगभग प्रत्याशी तय, कांग्रेस कर रही तलाश
छिंदवाड़ा यशो:-कांग्रेस को सबसे अधिक निराशा छिंदवाड़ा छिंदवाड़ा लोकसभा चुनाव में मिली हार से है तो भाजपा को यहाँ की जीत सबसे अधिक प्रसन्नता देने वाली रही है । भाजपा ने कांग्रेस के सबसे मजबूत किले को फतह करने में सफलता प्राप्त की है, अब दोनों के लिये छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा विधानसभा में होने वाले उपचुनाव की चुनौती है । इस विधानसभा में अभी तक कांग्रेस से विधायक रहे कमलेशाह भाजपा में शामिल हो गये है और उन्होंने विधायक पद से त्यागपत्र दे दिया है । अमरवाड़ा विधानसभा के लिये निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव की तिथि 10 जुलाई निर्धारित कर थी है ।
लगभग एक माह के पश्चात यहाँ पर मतदान होना है । यहाँ यह तय माना जा रहा है कि भाजपा की ओर से कमलेश शाह ही प्रत्याशी होंगे परंतु कांग्रेस किसे प्रत्याशी बनाती है यह अभी तय नहीं हुआ है ।
अमरवाड़ा विधानसभा से 2013, 2018 और 2024 का चुनाव कांग्रेस की टिकट से कमलेश शाह जीतते रहे है । अब उन्होंने भाजपा ज्वाइन कर ली है और वे इस सीट से भाजपा के अब उम्मीदवार हो सकते हैं। वहीं कांग्रेस को इस सीट पर अब उम्मीदवार तलाश करना है। कांग्रेस ने यहां पर रायशुमारी करने के लिए पूर्व विधायक सुखदेव पांसे और सुनील जैसवाल की कमेटी बनाई है, जो अमरवाड़ा विधानसभा से कांग्रेस के लिये प्रत्याशी की तलाश करेंगेे। छिंदवाड़ा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष ने गुरूवार को बैठक बुलाई है। इस बैठक में दावेदारों के नाम पर चर्चा होगी।
अमरवाड़ा विधानसभा में वर्ष 2003 और 2008 के चुनाव में कांग्रेस दूसरे नंबन पर भी नहीं आ सकी थी। वर्ष 2003 में यहां से गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के मनमोहन शाह बट्टी ने चुनाव जीता था इस चुनाव में भाजपा के हुकुम सिंह ठाकुर दूसरे नंबर पर रहे थे। जबकि 2008 का चुनाव भाजपा के टिकट पर प्रेम नारायण ठाकुर ने जीता था। दूसरे नंबर पर यहां पर मनमोहन शाह बट्टी रहे थे। प्रेम नारायण ठाकुर भाजपा में आने से पहले कांग्रेस में थे। वे कांग्रेस से तीन बार विधायक भी चुने गए और मंत्री भी रहे ।
फिलहाल यहां होने वाले उपचुनाव को लेकर भाजपा एवं कांग्रेस ने तैयारियाँ प्रारंभ कर दी है। जहाँ भाजपा से प्रत्याशी कमलेश शाह के होने की पूरी संभावना है वहीं गुरुवार को जिला कांग्रेस की अमरवाड़ा में बैठक है। बैठक में उपचुनाव का लेकर चर्चा होगी। यहां पर जो चर्चा होगी, उसमें जो भी निर्णय होगा और जो दावेदार सामने आएंगे। उन सभी की रिपोर्ट पीसीसी को दी जाएगी।


