सिवनीमध्यप्रदेश

‘एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ’ की शुरुआत: चित्रा परते और बबीता कुशवाहा बनीं जिले की पहली सम्मानित कर्मचारी

कलेक्टर नेहा मीना की अभिनव पहल, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को मिलेगा हर माह सम्मान

Employee of the Month Seoni – चित्रा परते और बबीता कुशवाहा बनीं पहली सम्मानित कर्मचारी

Seoni 03 August 2026
सिवनी यशो:- जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने ‘एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ’ योजना की शुरुआत की है। इस अभिनव पहल के तहत प्रत्येक माह विभिन्न विभागों के उन अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने जनहित में अपने दायित्वों का उत्कृष्ट, नवाचारपूर्ण और समर्पित भाव से निर्वहन किया हो।

योजना के तहत सोमवार को कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग की आशा कार्यकर्ता श्रीमती चित्रा परते तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती बबीता कुशवाहा को जुलाई-2026 के ‘एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ’ सम्मान से नवाजा गया।

100 प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर बनीं सम्मान की हकदार

विमला नगर (भोमा) क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता चित्रा परते ने दस्तक अभियान के अंतर्गत 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों का 100 प्रतिशत चिन्हांकन एवं स्वास्थ्य स्क्रीनिंग पूरी की। इसके साथ ही उन्होंने एफआरएस एवं आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (ABHA) आईडी का शत-प्रतिशत निर्माण सुनिश्चित कर स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय योगदान दिया।

वहीं, कोयलामढ़ी आंगनवाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता बबीता कुशवाहा ने अपने केंद्र के सभी हितग्राहियों के एफआरएस, एबीएचए एवं अपार आईडी का 100 प्रतिशत निर्माण सुनिश्चित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के विशेष अभियान में उत्कृष्ट कार्य करते हुए 9 हितग्राहियों का पंजीयन कराया तथा 5 हितग्राहियों को दूसरी किस्त का लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा

कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने कहा कि प्रशासन की वास्तविक पहचान उसके मैदानी अधिकारी-कर्मचारियों के कार्य से बनती है। ऐसे कर्मियों के समर्पण और उत्कृष्ट कार्य को पहचान देना आवश्यक है, ताकि उनका मनोबल बढ़े और अन्य कर्मचारी भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित हों।

उन्होंने कहा कि ‘एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ’ केवल एक सम्मान नहीं, बल्कि जिले में उत्कृष्ट कार्य संस्कृति, जवाबदेही और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने का सतत प्रयास है। इस पहल के तहत प्रत्येक माह विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट अधिकारी-कर्मचारियों का चयन कर सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह, अपर कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़े :-

सुपारी के नाम पर 35 लाख की ठगी, फर्जी फर्म खोलकर ठग फरार

सुपारी के नाम पर 35 लाख की ठगी, फर्जी फर्म खोलकर ठग फरार

“डेंगू के खिलाफ मैदान में उतरी टीम, 62 घर खंगाले-4 में मिले मच्छर के लार्वा”

कलेक्टर नेहा मीना का राजस्व अमले पर एक्शन मोड, लंबित मामलों पर सख्ती-घंसौर लोक सेवा केंद्र प्रभारी को नोटिस 

https://www.facebook.com/share/p/14ht5YfWW3y/

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button