पर्यटकों में उत्साह, युवाओं में क्रेज: देवगढ़ महोत्सव का भव्य शुभारंभ
पतंग उड़ाना, बैलगाड़ी की सवारी और पारंपरिक खेलों ने बनाया माहौल रोमांचक
छिंदवाड़ा यशो:- ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित देवगढ़ महोत्सव का शुभारंभ बुधवार को पर्यटकों के जबरदस्त उत्साह के बीच हुआ। यह तीन दिवसीय महोत्सव 2 जनवरी 2025 तक चलेगा। महोत्सव के पहले दिन छिंदवाड़ा, गुजरात और महाराष्ट्र से आए पर्यटक पारंपरिक खेलों और गतिविधियों में मगन हुए, जिससे हर उम्र के लोगों में बचपन की यादें ताज़ा हो गईं।
युवाओं में पतंग उड़ाने और बैलगाड़ी की सवारी का विशेष क्रेज देखा गया। महोत्सव का शुभारंभ पर्यटक सुधा भारद्वाज द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह में मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के परियोजना अधिकारी (होम स्टे) आर. डी. सिद्दीकी, मीन बहादुर लम्बा, नोडल अधिकारी बलराम राजपूत, पर्यटक प्रबंधक गिरीश लालवानी, देवगढ़ सरपंच बलदेव धुर्वे सहित गणमान्य नागरिक और होम स्टे संचालक उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन और जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार के मार्गदर्शन में महोत्सव का आयोजन सफलतापूर्वक हुआ।
यह भी पढ़ें:- देवगढ़ महोत्सव 31 दिसंबर से: ऐतिहासिक किले में पर्यटन का जश्न, ग्रामीण खेल और बैलगाड़ी का मज़ा
जिला प्रशासन, मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड, जय भवानी ग्राम विकास समिति देवगढ़, और जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के संयुक्त प्रयासों से आयोजित इस महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और ग्रामीण सहभागिता ने वातावरण को और जीवंत बनाया। महोत्सव पूरी तरह से प्लास्टिक फ्री रखा गया है।
पहले दिन पर्यटकों ने निःशुल्क बैलगाड़ी की सवारी,
पतंग उड़ाने,
रस्सीकूद,
कंचे, पिट्टू, लट्टू और गिल्ली-डंडा जैसे पारंपरिक खेलों का आनंद लिया।
साथ ही देशी भोजन का भी स्वाद चखा गया।
बांस और गोबर की कलाकृतियां बनीं आकर्षण का केंद्र
महोत्सव में ग्रामीणों ने पर्यटकों के लिए सजावटी वस्तुओं की दुकानें लगाई।
बांस से बने मिट्ठू, लैम्प और घोंसले, तथा गोबर की मूर्तियां पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनीं।
इसके अलावा, अंचल में तैयार संतरे का स्वाद भी पर्यटकों ने खूब चखा।
पहली बार किला और होम स्टे का रोमांच अनुभव किया
छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और महाराष्ट्र से आए कई पर्यटकों ने महोत्सव में अपने अनुभव साझा किए।
उन्होंने बताया कि वे पहली बार देवगढ़ पहुँचे हैं और ऐतिहासिक किला,
बावड़ियाँ और होम स्टे देखकर रोमांचित हुए। पर्यटकों ने कहा कि –
यह प्राकृतिक और मनभावन स्थल जीवन में एक यादगार अनुभव लेकर गया।



