8 फरवरी को उत्कृष्ट-मॉडल-श्रमोदय स्कूलों की प्रवेश परीक्षा, एडमिट कार्ड डाउनलोड शुरू
Seoni 06 February 2026
सिवनी यशो:- जिले के होनहार विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर आने वाला है। उत्कृष्ट, मॉडल एवं श्रमोदय आवासीय विद्यालयों में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा का आयोजन 8 फरवरी 2026 को किया जाएगा। यह परीक्षा जिले के 8 निर्धारित परीक्षा केंद्रों में आयोजित होगी।
जिला शिक्षा अधिकारी सिवनी ने बताया कि यह प्रवेश चयन परीक्षा मध्यप्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित की जा रही है। परीक्षा को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी अपने एडमिट कार्ड मध्यप्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा परिषद, भोपाल की आधिकारिक वेबसाइट
www.mpsos.nic.in
से डाउनलोड कर सकते हैं।
शिक्षा विभाग द्वारा जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय हाईस्कूल एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के संकुल प्राचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने अधीनस्थ विद्यालयों के पात्र विद्यार्थियों को समय पर प्रवेश पत्र डाउनलोड कराने एवं परीक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं।
प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पूर्व पहुंचें और प्रवेश पत्र के साथ आवश्यक दस्तावेज अनिवार्य रूप से साथ रखें।



