छिंदवाड़ा (बिछुआ) यशो:- लगातार बारिश अब किसानों के लिए आफत बन गई है। धूप नहीं निकलने और लगातार बारिश से फसलों की वृद्धि रुक गई है। क्षेत्र की प्रमुख फसल मक्का और सोयाबीन चौपट हो गई है। इसे लेकर बुधवार को २५ गांव के किसानों ने चौरई एसडीएम प्रभात मिश्रा, तहसीलदार रूपेश्वरी कुंजाम को ज्ञापन दिया।
किसान संघ के प्रीतम सिंह पटेल, इरफान पटेल, पाला सरेयाम, महेश पटेल सहित अन्य ने बताया कि क्षेत्र में लगातार बारिश जारी है, जिससे काली जमीन वाले खेतों में जल भराव हो रहा है। पानी की निकासी नहीं हो रही है। मौसम के नहीं खुलने से लगातार बारिश से फसलों का विकास रुक गया है। ग्राम आमाकुही, खैरी, घोराड़, करेल, बिछुआ, खैरीमाली, खमारपानी, गुमतरा, झामटा, गोनी, सोनपुर, खमरा सहित अन्य गांव में भी बारिश का पानी खेतों में भरे होने से दिक्कत बढ़ गई है। मक्का और सोयाबीन फसल के नहीं होने से आर्थिक समस्या बढ़ जाएगी।
लगातार बारिश से फसलों का उत्पादन प्रभावित होगा। धूप नहीं मिलने से फसलों की ग्रोथ रुक गई है। मक्का अब छवर में आ गया है। लेकिन लगातार बारिश होने से पौधे पीले पड़ रहे हैं। कृषि विभाग बिछुआ से मिली जानकारी के अनुसार इस बार विकासखंड बिछुआ में मक्का १७ हजार हेक्टेयर और सोयाबीन साढ़े छ: हजार हेक्टेयर में लगाया गया है। उत्पादन प्रभावित होने से बाजार में भी इसका असर पड़ेगा। ऐसे में मक्का और सोयाबीन फसल से उम्मीद लगाकर बैठे किसान भी अब चिंतित हैं।
किसानों की ये हैं प्रमुख मांगे-
(१) फसल क्षति का सर्वे कृषकवार किया जाए। (२) फसल बीमा प्रीमियम जमा करने वाले किसानों को बीमा कंपनियों के माध्यम से बामा की राशि का भुगतान कराया जाए। (३) मध्य प्रदेश शासन की ओर फसल क्षति का तत्काल सर्वे करवाकर मुआवजा की राशि दिलाई जाए।
ज्ञापन सौंपते समय मुख्य रूप से प्रीतम सिंह पटेल, इरफान पटेल, पाला सरेयाम, महेश पटेल, सुभाष मिनौटे, कैलाश मालवीय, लेखराम मालवीय, जितेन्द्र ठाकुर, परमानंद दुबे, पुष्पा बाई, सुरेश नागरे, दादाजी गाकरे, चिंतामन, पंचराम, प्रहलाद सहित सैकड़ों की संख्या में किसान उपस्थित रहे।