केदारपुर मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में भारी असंतोष
केदारपुर के समस्त बूथ अध्यक्षों ने भाजपा कार्यालय में डाला डेरा, नियुक्ति को बताया कार्यकर्ताओं का अपमान
सिवनी 18 दिसंबर 2024
सिवनी यशो:-भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) के संगठनात्मक चुनाव (organizational elections) प्रदेश में एक साथ प्रारंभ है । सिवनी जिले में संपन्न चुनाव में भारी गड़बड़ी और अनियमित्ताओं के गंभीर आरोप मंडलों के कार्याकत्र्ताओं के द्वारा लगाये जा रहे है । बुधवार को सिवनी जिले के आदिवासी विकासखंड घंसौर केदारपुर मंडल के समस्त बूथ अध्यक्ष भाजपा जिला कार्यालय पहुँचकर केदारपुर मंडल अध्यक्ष पद पर हुई नियुक्ति के विरोध में नारे बाजी करते रहे और उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जिलाध्यक्ष और निर्वाचन प्रभारियों ने कांग्रेस के कार्यकत्र्ता से को उपकृत करते हुये उसे मंडल अध्यक्ष पद पर नियुक्त कर दिया है ।
बता दें कि केदारपुर मंडल में 52 बूथ है और इन्हीं बूथ अध्यक्षों के माध्यम से मंडल अध्यक्ष का निर्वाचन हुआ है इन बूथ अध्यक्षों का कहना है कि उन्होंने जिसे वोट दिया था उसे मंडल अध्यक्ष निर्वाचित घोषित नहीं किया गया और निर्वाचन अधिकारी ने ऐसे व्यक्ति को मंडल अध्यक्ष घोषित किया है जिसके नाम पर किसी ने सहमति नहीं दी । केदारपुर मंडल के सभी बूथ अध्यक्ष और वरिष्ट कार्यकत्र्ता विरोध करने भाजपा जिला कार्यालय पहुँचे थे और हुई नियुक्ति को तत्काल निरस्त करने की मांग करते हुये धरने पर बैठ गये । बुधवार की देर शाम तक सभी विरोध करने वाले धरने पर बैठे हुये थे और उनका कहना था जब तक नियुक्ति निरस्त नहीं होगी वे भाजपा कार्यालय से हिलेंगे नहीं ।



