धर्ममध्यप्रदेशसिवनी

सिवनी में जगन्नाथ रथ यात्रा ढोल-नगाड़ों संग धूमधाम से निकली, नगर हुआ भक्तिमय

Seoni 29 June 2025
सिवनी यशो :-  भगवान जगन्नाथ स्वामी की भव्य रथ यात्रा आषाढ़ शुक्ल द्वितीया के पावन अवसर पर आज सिवनी नगर में श्रद्धा, उल्लास और भक्ति के वातावरण के बीच पूरे हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। नगर के सुभाष वार्ड स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर, जिसकी स्थापना स्व. सेठ भोपतराव पवार द्वारा की गई थी, से यह शोभायात्रा संध्या 5 बजे आरंभ हुई। आरती, पूजन एवं ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ रथ यात्रा का शुभारंभ हुआ।

तीनों रथों में विराजे प्रभु श्रीजगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्राजी

रथ यात्रा में विशेष आकर्षण थे – तीन सुशोभित रथों में विराजमान भगवान जगन्नाथ, बलभद्र जी एवं माता सुभद्रा जी। नगरवासियों ने बैंड-बाजे और श्रद्धा के साथ भगवान की अगवानी की। मार्ग भर दोनों ओर खड़े श्रद्धालुजनों, विशेषकर महिलाओं ने जगह-जगह पूजन, आरती और पुष्पवर्षा कर प्रभु का स्वागत किया।

नगर के प्रमुख स्थानों पर स्वागत व सेवा

शुक्रवारी चौक पर श्री अभिषेक मालू द्वारा प्रतिवर्ष की भांति शीतल जल व प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई।
काली चौक पर पूर्व पार्षद श्री सुरेंद्र करोसिया एवं श्री नितिन मिश्रा के नेतृत्व में भक्तों ने पूजन किया।
कर्मा भवन, बरघाट रोड में जिला साहू समाज द्वारा भगवान को भोग अर्पित किया गया एवं यात्रियों को “जगन्नाथ भात” (दाल-चावल) का प्रसाद वितरित किया गया। विंध्यवासिनी मंदिर में माता-बहनों ने सामूहिक पूजन कर भगवान से आशीर्वाद प्राप्त किया।

राजनीतिक और सामाजिक प्रतिनिधियों की भागीदारी

रथ यात्रा के शुक्रवारी बाजार पहुंचने पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष श्री आलोक दुबे, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्री राजेश त्रिवेदी, भाजपा जिला प्रभारी श्री प्रेम तिवारी सहित अनेक नेताओं ने पूजन-अर्चन कर रथ यात्रा में भागीदारी की।
दुर्गा चौक पर माता राजराजेश्वरी समिति द्वारा पं. राजेंद्र पांडे जी की अगुवाई में विशेष पूजन संपन्न हुआ।

यह भी पढ़े :-<भगवान जगन्नाथ की निकली भव्य रथयात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने खींचा रथ/div>

समापन बैनगंगा तट लखनवाड़ा पर

यह भव्य यात्रा ढीमरी मोहल्ला, छिंदवाड़ा चौक होते हुए बैनगंगा तट लखनवाड़ा पहुंचकर विधिवत रूप से संपन्न हुई। समापन स्थल पर आरती और प्रसाद वितरण के साथ भक्तों ने परम संतोष और श्रद्धा से रथ यात्रा को विदा दी।

प्रमुख व्यवस्थापक व गणमान्य उपस्थिति

इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट प्रबंधक सुनील राव पवार, पुजारी श्री सतीश शुक्ला ‘छोटे सरकार’, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मोहन सिंह चंदेल, श्री विनोद यादव (पिछड़ा वर्ग महासभा अध्यक्ष), श्री गोपाल प्रसाद सनोदिया (पूर्व अध्यक्ष, कुर्मी क्षत्रिय समाज), मंटू दुबे, पियूष शाह,  अशोक अकेला,  सुरेश दुबे, शंकरलाल साहू, अशोक सुब्बाराव सहित पवार परिवार के समस्त सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।

यह भी पढ़े :-<शूलपानी की कठिन यात्रा: जब माँ नर्मदा ने स्वयं थामे हाथ – भाग 9/div>

पुलिस प्रशासन की सतर्क उपस्थिति

पूरे आयोजन के दौरान नगर निरीक्षक किशोर बामनकर एवं उनकी पुलिस टीम ने पूरी सतर्कता से व्यवस्था बनाए रखी और रथ यात्रा को शांतिपूर्वक संपन्न कराया।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!