छिंदवाड़ामध्यप्रदेश
जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती जी के स्वागत के लिए उमड़ा जन सैलाब
जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत, प्रेस एसोसिएशन ने भी किया स्वागत
Chhindwara 17 April 2025
छिंदवाड़ा यशो:- द्वारकाशारदापीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती जी महाराज का तीन दिवसीय दिव्य एवं भव्य प्राण प्रतिष्ठा और मंदिर लोकार्पण समारोह को लेकर छिंदवाड़ा आगमन हुआ । देवभूमि डेवलपर्स परिवार के तत्वाधान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में परमपूज्य शंकराचार्य स्वामी श्री सदानंद सरस्वती जी महाराज मंदिर में भगवान शिव परिवार की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा करेंगे। 19 अप्रैल तक तीन दिवसीय कार्यक्रम श्री नंदन हिल्स चौखड़ाढाना, हिन्दुस्तान यूनिलीवर के आगे नरसिंहपुर रोड में आयोजित किया गया है।
परमपूज्य शंकराचार्य स्वामी श्री सदानंद सरस्वती जी महाराज गुरुवार को शाम 5 बजे इमलीखेड़ा पहुंचे। जिनके स्वागत के लिए अलग-अलग स्वागत द्वारा तैयार किए गए थे, जहां पर भक्तों द्वारा परमपूज्य शंकराचार्य स्वामी श्री सदानंद सरस्वती जी महाराज का भव्य स्वागत कर उनका आशीर्वाद लिया गया। उनके स्वागत के लिए जन सैलाब उमड़ पड़ा। इमलीखेड़ा से लेकर चन्दनगाँव राजा की बगिया के सामने,भरतादेव रोड पर समय पवार टी हाउस के सामने भव्य स्वागत हुआ शंकराचार्य जी के स्वागत और एक झलक पाने उनका आशीर्वाद लेने लोग उमड़ पड़े।
ई.एल.सी चौक और राजीव भवन के सामने फटाके फोड़कर भक्तों ने उनके आगमन की खुशी मनाई। पोला ग्राउण्ड के सामने प्रेस एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र राय सहित सदस्यों ने शंकराचार्य जी का स्वागत कर उनका आशीर्वाद लिया। अनगढ़ हनुमान मंदिर , विद्या निकेतन स्कूल , फव्वारा चौक में ,गर्ल्स कॉलेज के सामने जगतगुरु का भव्य स्वागत किया गया। इसी तरह बस स्टेण्ड ,तिलक मार्केट में उनके स्वागत के लिए भक्तों की भीड़ लगी हुई थी। इसी तरह संतोषी माता मंदिर, श्याम टाकीज के सामने , जनपद के सामने ,नरसिंहपुर नाका, हिन्दुस्तान यूनिलीवर के सामने,चौखड़ा चौक पर, देव भूमि डेवलपर्स परिवार द्वारा भव्य आतिशबाजी से परमपूज्य शंकराचार्य स्वामी श्री सदानंद सरस्वती जी महाराज का स्वागत किया गया।
आध्यात्मिक विभूति के आगमन पर प्रेस एसोसिएशन ने किया स्वागत
आध्यात्मिक जगत के सर्वोच्च शिखर, अनंत श्री विभूषित पूज्यपाद द्वारकाशारदापीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री सदानंद सरस्वती जी महाराज का गुरुवार को छिंदवाड़ा की पावन धरा पर प्रथम आगमन हुआ इस ऐतिहासिक अवसर पर छिंदवाड़ा प्रेस एसोसिएशन पोला ग्राउंड के सामने एकत्र होकर भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों और सक्रिय सदस्यों ने इस महत्वपूर्ण क्षण में अपनी उपस्थिति दर्ज की।
देवभूमि डेवलपर्स परिवार के तत्वाधान में आयोजित इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में परमपूज्य शंकराचार्य स्वामी श्री सदानंद सरस्वती जी महाराज नवनिर्मित मंदिर में भगवान शिव परिवार की मनमोहक प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा करेंगे। इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर श्रद्धालुओं में गहरी आस्था और उत्साह है।
छिंदवाड़ा प्रेस एसोसिएशन द्वारा किया गया यह भव्य स्वागत शहर के धार्मिक और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है।



