जियो रिचार्ज विवाद सिवनी: 350 से कम रिचार्ज पर दबाव, मजदूर-रिटेलर दोनों परेशान
जियो रिचार्ज विवाद सिवनी में गहराया - छोटे रिचार्ज पर चेतावनी, आम उपभोक्ता और दुकानदार पिसे
Seoni 13 February 2026
छपारा यशो :- जियो रिचार्ज विवाद सिवनी जिले में अब गंभीर सामाजिक और आर्थिक समस्या का रूप लेता जा रहा है।
देश की प्रमुख टेलीकॉम कंपनी जियो के एक अघोषित और अनौपचारिक आदेश के चलते
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ
छोटे दुकानदार (रिटेलर्स) भी भारी दबाव में आ गए हैं।
जानकारी के अनुसार कंपनी के दबाव में अब
350 रुपये से कम के रिचार्ज करने पर
दुकानदारों को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष चेतावनियाँ दी जा रही हैं।
इसका सीधा असर उन उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है,
जो अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार
219 या 299 रुपये के रिचार्ज कराने दुकानों तक पहुँचते हैं।
जियो रिचार्ज विवाद सिवनी: दिहाड़ी मजदूरों की जेब पर सीधा असर
स्थानीय बाजारों में स्थिति यह बन गई है कि
कम राशि का रिचार्ज मांगने वाले ग्राहकों को
अक्सर बिना रिचार्ज कराए लौटना पड़ रहा है।
दुकानदार मजबूरी में 350 रुपये या उससे अधिक का प्लान
लेने की सलाह देते नजर आते हैं।
साधन-संपन्न वर्ग किसी तरह यह अतिरिक्त बोझ सहन कर लेता है,
लेकिन रोज दिहाड़ी पर काम करने वाले मजदूरों,
छोटे कर्मचारियों और मध्यम वर्ग के लिए
यह स्थिति अत्यंत कष्टकारी हो गई है।
मजदूरों का कहना है कि मोबाइल आज लग्जरी नहीं,
बल्कि रोज़गार, बैंकिंग और संपर्क का अनिवार्य साधन बन चुका है।
ऐसे में जियो रिचार्ज विवाद सिवनी में
कंपनी की यह नीति उनके घरेलू बजट को बुरी तरह प्रभावित कर रही है।
जियो रिचार्ज विवाद सिवनी में रिटेलर्स का धंधा चौपट
कंपनी के इस दबाव का असर छोटे दुकानदारों पर भी साफ दिखाई दे रहा है।
रिटेलर्स का कहना है कि-
छोटे रिचार्ज करने पर मिलने वाली चेतावनियों के कारण
उनकी दैनिक आमदनी में भारी गिरावट आई है।
ग्राहकों से होने वाली बहस, नाराजगी
और बिक्री में आई कमी के चलते
अब उनकी कमाई पहले के मुकाबले
लगभग आधी रह गई है।
दुकानदारों का आरोप है कि उन्हें यह संकेत दिए जा रहे हैं कि
यदि वे महंगे रिचार्ज नहीं बेचेंगे,
तो उनकी आईडी, सर्विस या अन्य सुविधाओं पर
असर डाला जा सकता है।
डिस्ट्रीब्यूटर ने साधी चुप्पी
जियो रिचार्ज विवाद सिवनी को लेकर
जब कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर अब्दुल नसीर से चर्चा की गई,
तो उन्होंने इस विषय पर कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया।
उन्होंने इंदौर स्थित सीनियर अधिकारियों से
बात करने की बात कही,
लेकिन स्वयं किसी भी तरह का जवाब देने से बचते नजर आए।
उपभोक्ताओं में नाराजगी, बाजार में असंतोष
स्थानीय रिटेलर्स का कहना है कि-
कंपनी की इस कथित मनमानी और
डिस्ट्रीब्यूटर स्तर से बढ़ते दबाव के कारण
बाजार में असंतोष का माहौल बन गया है।
वहीं उपभोक्ताओं का साफ कहना है कि-
अपनी पसंद और आर्थिक क्षमता के अनुसार
रिचार्ज प्लान चुनना उनका अधिकार है,
जिसे कोई भी कंपनी जबरन नहीं छीन सकती।
अब बड़ा सवाल यह है कि-
क्या जियो इस नीति पर पुनर्विचार करेगी,
या फिर जियो रिचार्ज विवाद सिवनी में
आम उपभोक्ता और छोटे दुकानदार
इसी तरह दबाव में पिसते रहेंगे।



