छपारा को न्यायिक सौगात: व्यवहार न्यायालय का 16 जून को उद्घाटन
स्थानीय जनता को मिलेगी सुलभ न्याय प्रणाली
Seoni 15 June 2025
छपारा यशो :- सिवनी जिले के छपारा क्षेत्रवासियों के लिए एक बहुप्रतीक्षित सपना अब साकार होने जा रहा है। सोमवार, 16 जून 2025 को प्रात: 10 बजे छपारा में नव स्थापित व्यवहार न्यायालय (लिंक कोर्ट) का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा।
इस गरिमामय अवसर पर माननीय सतीश चंद्र राय, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सिवनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन अधिवक्ता संघ छपारा द्वारा नगर के जनपद पंचायत कार्यालय स्थित न्यायालय परिसर में किया जा रहा है।
न्यायालय की स्थापना से छपारा व आसपास के ग्रामीण अंचलों के नागरिकों को अब अपने क्षेत्र में ही न्यायिक कार्यों के लिए समुचित सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उन्हें जिला मुख्यालय तक की लंबी दूरी तय करने से राहत मिलेगी।
अधिवक्ता संघ ने की अपील
छपारा अधिवक्ता संघ ने समस्त गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं बुद्धिजीवियों से इस शुभ अवसर पर उपस्थिति दर्ज कराकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने का आग्रह किया है।



