दशलक्षण पर्व आराधना कर जाने अनजाने में हुए अपराधों की मांगी क्षमा याचना
छिंदवाड़ा यशो:- सकल दिगंबर जैन समाज के साथ श्री दिगंबर जैन मुमुक्षु मंडल एवं अखिल भारतीय जैन युवा फेडरेशन के जिनवाणी तत्वरसिक जिनशासन सेवकों ने विविध अनुष्ठानों के साथ दस दिनों तक दशलक्षण महापर्व की मंगल आराधना कर आत्मा से परमात्मा बनने का मार्ग प्रशस्त किया।
विविध अनुष्ठान का लिया लाभ –
फेडरेशन सचिव दीपक राज जैन ने बताया की मंगल महोत्सव पर श्री आदिनाथ दिगंबर जिनालय एवं पार्श्वनाथ जिनालय में श्रावकगणों ने भक्ति भाव पूर्वक श्री जिनेन्द्र पूजन, सोलहकारण पूजन, रत्नत्रय पूजन, पंचमेरु पूजन, दशलक्षण पूजन विधान के माध्यम धर्माराधना की।
*मंगल प्रवचनों का मिला लाभ -*
इस अवसर पर सकल समाज को वीतराग भवन, स्वाध्याय भवन एवं पार्श्वनाथ जिनालय नई आबादी में गुरुदेवश्री कानजी स्वामी के सीडी प्रवचनों के साथ उदयपुर से पधारे पंडित राजकुमार शास्त्री एवं जयपुर से पधारे पंडित अंकित शास्त्री के श्रीमुख से मां जिनवाणी का रसास्वादन करने का सौभाग्य मिला। सभी विद्वानों का मंडल एवं फेडरेशन ने आत्मीय अभिनंदन कर उनका उपकार माना।
*विविध साहित्यिक कार्यक्रम हुए -*
दस दिनों में वीतराग भवन में रात्रि कालीन प्रवचनों के पश्चात वीतराग विज्ञान पाठशाला द्वारा सुंदर सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रमों में दस ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं के साथ धार्मिक अंताक्षरी एवं अक्षय निधि का आयोजन किया गया जिसमे बड़ी संख्या में श्रावक – श्राविकाओं सहित पाठशाला के बच्चों ने हिस्सा लिया।
*क्षमावाणी महोत्सव मनाया -*
पर्वराज की पूर्णता पर मंडल एवं फेडरेशन द्वारा वीतराग भवन में विश्व मैत्री दिवस के रूप में क्षमावाणी महोत्सव मनाया, सभा का शुभारंभ आलोचना पाठ से हुआ। जिसमे बाल ब्रह्मचारी डॉक्टर आरती जैन, मंडल के अध्यक्ष शांतिकुमार पाटनी, मंत्री अशोक जैन, फेडरेशन सचिव दीपक राज जैन, बाबू महेंद्रकुमार जैन, पंडित विमल जैन, सचिन जैन, महिला मंडल की ओर से ऊषाकिरण जैन एवं पाठशाला संचालिका वर्षा पाटनी ने अपने सुंदर विचार रख देव शास्त्र गुरु भगवंतों सहित जाने अनजाने में हुए अपराधों के लिए प्राणी मात्र के साथ एक दूसरों से क्षमा याचना की।
*मीडिया सहित सहित सहयोगियों का माना आभार -*
दशलक्षण महापर्व पर समस्त अनुष्ठान बहुत ही मंगलमय वातावरण में साआनंद संपन्न हुए जिन्हे जन जन तक पंहुचाने में सम्मानीय मीडिया का विशेष सहयोग प्राप्त जिनके साथ समस्त सहयोगियों, दान दाताओं का मंडल एवं फेडरेशन ने आभार व्यक्त कर उनका धन्यवाद ज्ञापित किया।





