मध्यप्रदेशराजनीतिसिवनी
मध्यप्रदेश बना ‘घोटाला प्रदेश : कांग्रेस का आरोप
Seoni 15 June 2025
सिवनी यशो:- प्रदेश कांग्रेस ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मध्यप्रदेश को “घोटाला प्रदेश” बताते हुए भाजपा सरकार पर व्यापक भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। कांग्रेस के जिला प्रवक्ता राजिक अकील ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं और उनके परिजनों द्वारा कई स्तरों पर घोटाले किए गए हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच नहीं हो रही है।
उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव के पुत्र अभिषेक भार्गव ने सरकारी पट्टे की जमीनें खरीदीं और जलाशय परियोजना के नाम पर करोड़ों रुपये का मुआवज़ा प्राप्त कर लिया। इसी तरह सागर में भाजपा महापौर संगीता तिवारी के बेटे सूर्यांश तिवारी पर भी फर्जीवाड़े के आरोप लगाए गए हैं।
सिवनी में सर्पदंश घोटाला
राजिक अकील के अनुसार, सिवनी जिले में सर्पदंश के नाम पर लगभग 11.76 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ, जिसमें एक ही व्यक्ति को दर्जनों बार मृत दिखाकर मुआवज़ा राशि निकाली गई।
अन्य आरोप:
12,000 करोड़ रुपये का फर्जी कर्मचारी वेतन घोटाला।
2,000 एंबुलेंसों पर करोड़ों का फर्जी भुगतान – कई मामलों में एक ही नंबर की गाडिय़ों पर कई बार किराया।
भोपाल आरटीओ सिपाही सौरभ शर्मा के पास से करोड़ों रुपये नकद और सोना बरामद – कांग्रेस ने इसे 15,000 करोड़ रुपये का घोटाला बताया।
आयुष्मान योजना में मृत व्यक्तियों के नाम पर इलाज कराकर धन निकासी का आरोप।
नर्सिंग कॉलेज घोटाले में सीबीआई को रिश्वत देने की बात भी कांग्रेस ने कही है।
राजिक अकील ने कहा कि भाजपा सरकार के पास न तो कर्मचारियों को वेतन देने के लिए बजट है, न ही विकास योजनाओं के लिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचारियों को संरक्षण दे रही है और उनके विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही।



