सिवनी: विधायक दिनेश राय 'मुनमुन' ने लिया शिव महापुराण कथा का संकल्प, 18 अगस्त से होगा आयोजन
Seoni, 25 July 2026 सिवनी यशो:- सिवनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक दिनेश राय 'मुनमुन' ने शनिवार को आगामी भव्य संगीतमय शिव महापुराण कथा के सफल आयोजन के लिए विधि-विधान से संकल्प लिया। यह सात दिवसीय धार्मिक आयोजन 18 अगस्त से 24 अगस्त 2026 तक सिवनी नगर के राशि लॉन में आयोजित किया जाएगा।
[caption id="attachment_49177" align="alignleft" width="150"]
सिवनी के लखनादौन स्थित कार्यालय में विधायक दिनेश राय 'मुनमुन' ने 18 से 24 अगस्त तक होने वाली शिव महापुराण कथा के लिए विधि-विधान से संकल्प लिया।[/caption]
शनिवार को विधायक के लखनादौन स्थित कार्यालय में विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के समक्ष संकल्प कार्यक्रम संपन्न हुआ। कथावाचक पूज्य संत महंत श्री विपिन बिहारी दास जी महाराज के शिष्य पंडित प्रदीप दुबे ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ विधायक दिनेश राय 'मुनमुन' को कथा आयोजन के सफल संपादन का संकल्प दिलाया।
संत विपिन बिहारी दास जी के सानिध्य में होगी कथा
आयोजन समिति के अनुसार 18 अगस्त से 24 अगस्त तक राशि लॉन में पूज्य संत महंत श्री विपिन बिहारी दास जी महाराज के पावन सानिध्य में भव्य संगीतमय शिव महापुराण कथा का आयोजन होगा। कथा के दौरान प्रतिदिन शिव महिमा, धार्मिक प्रसंगों और भक्ति संगीत का आयोजन किया जाएगा।
श्रद्धालुओं से कथा श्रवण का आग्रह
इस अवसर पर विधायक दिनेश राय 'मुनमुन' ने जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा स्थल पहुंचकर भगवान शिव की महिमा का श्रवण करने तथा धर्म लाभ अर्जित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शिव महापुराण कथा समाज में आध्यात्मिक चेतना, संस्कार और धार्मिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का माध्यम है।