धर्ममध्यप्रदेशसिवनी

आज भव्यता के साथ मनाया जाएगा महाराजाधिराज अग्रसेन का 5180वां जन्मोत्सव

सुबह गंगानगर से निकलेगी वाहन रैली, अग्रसेन भवन लूघरवाड़ा में होगा मुख्य समारोह; शाम 5 बजे दुर्गा चौक से गाजे-बाजे के साथ निकलेगी भव्य शोभायात्रा

सिवनी में आज महाराज अग्रसेन का 5180वां जन्मोत्सव, निकलेगी शोभायात्रा
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, नृत्य और फैंसी ड्रेस प्रस्तुतियों के माध्यम से दिया सामाजिक सरोकारों का संदेश

Seoni 10 October 2026
सिवनी यशो:- अग्रकुल प्रवर्तक महाराजाधिराज श्री अग्रसेन जी का 5180वां जन्मोत्सव आज 11 अक्टूबर सिवनी में हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। सिवनी अग्रवाल समाज द्वारा जबलपुर रोड स्थित लूघरवाड़ा के श्री अग्रसेन भवन में आयोजित मुख्य समारोह को लेकर समाजजनों में उत्साह का वातावरण है। जन्मोत्सव के अवसर पर सुबह भव्य वाहन रैली, हवन-पूजन, अतिथियों के उद्बोधन, प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान और शाम को नगर में आकर्षक शोभायात्रा निकाली जाएगी।

अग्रवाल समाज समिति के कार्यक्रमानुसार सुबह 10 बजे गंगानगर से भव्य वाहन रैली प्रारंभ होगी। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करते हुए मुख्य समारोह के अतिथियों के साथ लूघरवाड़ा स्थित श्री अग्रसेन भवन पहुंचेगी। यहां महाराजाधिराज श्री अग्रसेन जी का विधि-विधान से हवन-पूजन मुख्य यजमान श्री राजकुमार-संध्या अग्रवाल द्वारा संपन्न कराया जाएगा।

दोपहर 1 बजे से मुख्य समारोह का मंचीय कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें अतिथियों का स्वागत, परिचय एवं उद्बोधन होगा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्री शैलेष कुमार अग्रवाल (आर्वी) एवं श्रीमती शोभादेवी अग्रवाल (अकोला) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री संतोष कुमार अग्रवाल (मुलताई) एवं श्री लक्ष्मण प्रसाद मोदी (केवलारी) शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अग्रवाल समाज समिति के अध्यक्ष श्री राकेश अग्रवाल (भालोटिया) करेंगे।

समारोह में समाज के मेधावी विद्यार्थियों तथा विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

शाम 5 बजे निकलेगी महाराज श्री की भव्य शोभायात्रा

जन्मोत्सव का प्रमुख आकर्षण शाम 5 बजे दुर्गा चौक से प्रारंभ होने वाली महाराजाधिराज श्री अग्रसेन जी की भव्य शोभायात्रा होगी। गाजे-बाजे और पारंपरिक उत्साह के साथ निकलने वाली यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करते हुए पुनः दुर्गा चौक पहुंचकर संपन्न होगी। शोभायात्रा के माध्यम से महाराज श्री के आदर्शों, सामाजिक एकता, समरसता और सेवा भावना का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

अग्रवाल समाज समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने समस्त सामाजिकजनों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर जन्मोत्सव की खुशियां साझा करने और सामाजिक एकता का परिचय देने का आग्रह किया है।

नन्हें बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रस्तुतियों ने मोहा मन

महाराजाधिराज श्री अग्रसेन जी के जन्मोत्सव के अंतर्गत आयोजित चार दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों, युवतियों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी कला, रचनात्मकता और सामाजिक विषयों के प्रति जागरूकता का परिचय दिया।

अग्रवाल समाज समिति के प्रवक्ता श्री संजय अग्रवाल ने बताया कि 9 अक्टूबर को शाम 7 बजे कक्षा तीसरी से पांचवीं तक के बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई। नन्हें प्रतिभागियों ने आकर्षक वेशभूषा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीवों और जैव विविधता से समृद्ध मध्यप्रदेश की विशेषताओं को प्रस्तुत किया। बच्चों ने धर्म-संस्कृति, सामाजिक व्यवस्था और पारंपरिक विरासत से जुड़े विभिन्न स्वरूपों के जरिए उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अग्रवाल समाज समिति के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठजनों द्वारा महाराजाधिराज श्री अग्रसेन जी और माता महालक्ष्मी के पूजन तथा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

नृत्य प्रस्तुतियों में दिखी कला और सामाजिक संदेशों की झलक

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत महिला एवं युवती समूहों ने शानदार नृत्य प्रस्तुतियां दीं। देवी मां पर आधारित नृत्य के माध्यम से श्रद्धा और भक्ति की अभिव्यक्ति की गई, वहीं अहमदाबाद विमान दुर्घटना की घटना पर आधारित ‘ऊंची उड़ान’ नृत्य नाटिका ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। नृत्य के माध्यम से महिलाओं की बढ़ती शक्ति, आत्मविश्वास और विभिन्न क्षेत्रों में उनकी उपलब्धियों को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में शिव-शक्ति स्वरूप, वाल्मीकि रामायण के प्रसंग, माता-पिता की सेवा और भारतीय संस्कृति से जुड़े विषयों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। बच्चों ने सोलर पैनल, महाराजाधिराज श्री अग्रसेन जी, रानी सती जी और विभिन्न पौराणिक स्वरूपों का रूप धारण कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इन प्रस्तुतियों में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जागरूकता और संस्कारों का संदेश भी देखने को मिला।

रील प्रतियोगिता में पारिवारिक रिश्तों और परंपराओं की प्रस्तुति

सांस्कृतिक आयोजनों की श्रृंखला में रील बनाओ प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही। प्रतिभागियों ने ननद-भाभी, दया-जेठालाल, राजस्थानी दंपति सहित विभिन्न किरदारों के माध्यम से पारिवारिक रिश्तों, आपसी समझ और सामाजिक जीवन से जुड़े संदेश प्रस्तुत किए। रचनात्मक प्रस्तुतियों ने मनोरंजन के साथ पारिवारिक मूल्यों और संबंधों की महत्ता को भी रेखांकित किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मंच संचालन श्रीमती प्रीति विजय अग्रवाल एवं सुश्री अनुशिखा मिनी अग्रवाल ने किया। विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में निर्णायक के रूप में लर्न पोद्दार स्कूल के प्रबंधक श्री आनंद शर्मा तथा किड्स जी पब्लिक स्कूल की प्राचार्य श्रीमती शक्ति राय उपस्थित रहीं।

महाराजाधिराज श्री अग्रसेन जी के जन्मोत्सव पर आयोजित ये सांस्कृतिक गतिविधियां समाज की नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने, बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का माध्यम बनी हैं। आज होने वाले मुख्य समारोह और भव्य शोभायात्रा के साथ जन्मोत्सव का उत्साह और अधिक बढ़ने की उम्मीद है।

यह भी पढ़े :-

NH-44 के नाले में फेंका खतरनाक बायोमेडिकल कचरा, वन्यजीवों पर मंडराया खतरा

शारदेय नवरात्र को लेकर शांति समिति की बैठक, पांच उत्कृष्ट दुर्गा उत्सव समितियां होंगी सम्मानित

सेवा से जनकल्याण, स्वास्थ्य से राहत और मातृशक्ति को आत्मनिर्भरता का संबल

सामाजिक संदेशों और मनमोहक प्रस्तुतियों ने बांधा समा, रक्तदान व गौ रक्षा का दिया संदेश

https://mathura.nic.in/hi/%E0%A4%B8%E0%A5%87%E0%A4%B5%E0%A4%BE-%E0%A4%B8%E0%A4%82%E0%A4%95%E0%A4%B2%E0%A5%8D%E0%A4%AA-%E0%A4%85%E0%A4%AD%E0%A4%BF%E0%A4%AF%E0%A4%BE%E0%A4%A8-2026/

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button