सिवनी में साइबर सुरक्षा का मेगा अभियान, मेडिकल कॉलेज में 700 छात्रों को SP ने दिए डिजिटल सुरक्षा के मंत्र
'सेफ क्लिक 2.0' के तहत जिलेभर में 38 कार्यक्रम, 4,895 छात्र-छात्राओं और नागरिकों को किया साइबर अपराधों के प्रति जागरूक
सेफ क्लिक 2.0: सिवनी मेडिकल कॉलेज में साइबर सुरक्षा अभियान, 700 छात्रों से SP कृष्ण लालचंदानी का संवाद
Seoni 09 July 2026
सिवनी यशो:- मध्यप्रदेश पुलिस के “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के तहत सिवनी पुलिस ने बुधवार को शासकीय मेडिकल कॉलेज में साइबर सुरक्षा पर विशाल जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

कार्यक्रम में लगभग 700 मेडिकल छात्र-छात्राओं, प्रोफेसरों एवं कॉलेज स्टाफ ने भाग लिया।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए डिजिटल सुरक्षा के महत्वपूर्ण उपाय बताए और साइबर अपराधों से बचाव का संदेश दिया।

यह भी पढ़े :-जन-विश्वास का केंद्र बनी सिवनी पुलिस की जनसुनवाई, एसपी कृष्ण लालचंदानी ने सुनीं समस्याएं
कार्यक्रम में साइबर अपराधों पर आधारित जागरूकता वीडियो का प्रदर्शन किया गया। पुलिस टीम ने ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, साइबर बुलिंग, बैंकिंग फ्रॉड और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा उनसे बचने के व्यावहारिक तरीके भी बताए।

“सतर्कता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच”
पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी ने विद्यार्थियों से कहा कि डिजिटल दुनिया में सावधानी ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।
यह भी पढ़े :-सड़क सुरक्षा पर कलेक्टर सख्त, ब्लैक स्पॉट सुधार और अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश
उन्होंने अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने, OTP, पासवर्ड एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया पर फैलने वाले भ्रामक संदेशों से सतर्क रहने की सलाह दी।

उन्होंने साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करने या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
यह भी पढ़े :-साइबर क्विज प्रतियोगिता आयोजित कर कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को किया गया पुरस्कृत
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधीक्षक ने सरल उदाहरणों के माध्यम से समाधान किया।
उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अपने परिवार और मित्रों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

जिलेभर में 38 कार्यक्रम, लगभग 4,895 लोग हुए जागरूक
“सेफ क्लिक 2.0” अभियान के समापन दिवस पर जिले के सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में साइबर सेफ्टी मैराथन, क्विज प्रतियोगिता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
अभियान के दौरान जिले में कुल 38 कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 4,895 छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों ने भाग लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया।
यह भी पढ़े :-सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत छपारा में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलेश मरकाम, थाना प्रभारी सी.एस. उइके, प्रभारी कंट्रोल रूम ओमेश्वर ठाकरे, महिला थाना प्रभारी संदीपिका ठाकुर, साइबर सेल प्रभारी एएसआई देवेंद्र जायसवाल, मार्गिक फाउंडेशन की शिवानी बघेल सहित मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



