स्थाईकर्मियों की मांगों को लेकर सिवनी में मुख्यमंत्री के नाम सौंपा गया ज्ञापन
7वें वेतनमान और मूलभूत सुविधाओं की मांग
सिवनी यशो:- मध्यप्रदेश स्थाईकर्मी संघ भोपाल के प्रांतीय आवाहन पर बुधवार, 7 जनवरी 2026 को मध्यप्रदेश स्थाईकर्मी संघ जिला सिवनी के नेतृत्व में जिले में मुख्यमंत्री के नाम से ज्ञापन सौंपा गया।मध्यप्रदेश स्थाईकर्मी संघ जिला सिवनी के जिलाध्यक्ष
सुरेन्द्र सनोडिया ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश के
स्थाईकर्मियों, दैनिक वेतनभोगियों एवं अंशकालीन कर्मचारियों से जुड़ी
वर्षों से लंबित समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग सरकार के समक्ष रखी गई।
7वें वेतनमान और मूलभूत सुविधाओं की मांग
ज्ञापन में प्रमुख रूप से प्रदेश के स्थाईकर्मियों को
पुनरीक्षित (सातवां) वेतनमान प्रदान करने,
शासकीय कर्मचारियों के समान चिकित्सा अवकाश की सुविधा,
चिकित्सा देयकों की स्वीकृति एवं भुगतान (चिकित्सा प्रतिपूर्ति)
तथा अनुग्रह राशि सहित समस्त मूलभूत सुविधाएं प्रदान किए जाने की मांग की गई।

संघ पदाधिकारियों का कहना है कि –
समान कार्य के बावजूद समान सुविधाएं न मिलने से
स्थाईकर्मियों में असंतोष व्याप्त है,
जिसे दूर किया जाना आवश्यक है।
दैनिक वेतनभोगी और सुरक्षा श्रमिकों के नियमितीकरण की मांग
इसके अलावा ज्ञापन में प्रदेश के दैनिक वेतनभोगी एवं सुरक्षा श्रमिकों की
योग्यता और अनुभव को ध्यान में रखते हुए रिक्त पदों की भर्ती में
उन्हें प्राथमिकता दिए जाने तथा नियमित किए जाने की मांग उठाई गई।
संघ का कहना है कि –
लंबे समय से सेवा दे रहे कर्मचारियों को अब
स्थायित्व और भविष्य की सुरक्षा मिलनी चाहिए।
अंशकालीन कर्मचारियों के लिए विशेष मांग
अंशकालीन कर्मचारियों की स्थिति पर भी सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए –
संघ ने उन्हें पूर्णकालिक मानते हुए उनकी सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों को दृष्टिगत कर कलेक्टर दर पर दैनिक वेतनभोगी के पद पर नियुक्त किए जाने की मांग रखी।
शांतिपूर्ण तरीके से सौंपा गया ज्ञापन
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि-
यह ज्ञापन पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में सौंपा गया।
सरकार से अपेक्षा की गई कि –
कर्मचारियों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ के पदाधिकारी एवं कर्मचारी
बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



