WhatsApp Image 2026-03-17 at 4.22.34 PM (1)
क्राइममध्यप्रदेशसिवनीहेल्थ

चमारी में किराना दुकानों से ज्यादा शराब दुकानें, महिलाओं का चक्का जाम — प्रशासन को दी चेतावनी

अवैध शराब बिक्री से परेशान महिलाओं ने पांच घंटे तक किया रास्ता जाम, कहा - अब नहीं सहेंगे नशे का कहर

Seoni 08 November 2025

सिवनी यशो:- छपारा थाना क्षेत्र के चमारी गांव में शुक्रवार को महिलाओं ने अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ ज़बरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। गांव की महिलाओं ने सुबह से ही छपारा–आदेगांव मुख्य मार्ग पर टायर जलाकर चक्का जाम कर दिया।

महिलाओं का कहना था कि गांव में किराना दुकानों से ज्यादा शराब की दुकानें खुल चुकी हैं, जिससे युवा वर्ग नशे की चपेट में आ रहा है और पारिवारिक माहौल बिगड़ रहा है।

चमारी गांव में महिलाओं का अवैध शराब के खिलाफ प्रदर्शन
शराब की बोतलें बीच सड़क पर रखकर महिलाओं ने किया हंगामा, चमारी में अवैध शराब के खिलाफ फूटा आक्रोश

करीब पांच घंटे तक पूरा मार्ग ठप रहा। स्कूली बच्चों, मरीजों और यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। पुलिस और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और महिलाओं को समझाइश दी। अधिकारियों के कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ।

जनसुनवाई कार्यक्रम बना दिखावा, मजबूर महिलाओं को उतरना पड़ा सड़कों पर

महिलाओं ने बताया कि वे कलेक्टर और एसपी कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रमों में आवेदन दे चुकी हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। छपारा थाना प्रभारी को भी कई बार लिखित शिकायत दी जा चुकी है।
महिलाओं ने कहा कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण चमारी और आसपास के गांवों में खुलेआम अवैध शराब बिक रही है।

उनका कहना था कि छोटे-छोटे बच्चे, नवयुवक और बुजुर्ग तक नशे की लत में डूबते जा रहे हैं, जिससे पारिवारिक झगड़े, हिंसा और सामाजिक विघटन बढ़ रहा है।

महिलाओं ने रात में पकड़ी शराब की खेप, सब्र टूटा तो किया जाम

गुरुवार रात को गांव की महिलाओं ने अवैध शराब की एक खेप पकड़ ली, जिसके बाद आक्रोश भड़क गया। शुक्रवार सुबह होते ही सैकड़ों महिलाएं सड़क पर उतर आईं, और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जाम लगा दिया।
महिलाओं ने शराब की बोतलें सड़क पर रखीं, टायर जलाए और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

करीब पांच घंटे तक चले इस जाम के बाद प्रशासन ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर महिलाएं सड़क से हटीं।
लेकिन महिलाओं ने चेतावनी दी —

“अगर अब भी चमारी और आसपास के गांवों में अवैध शराब नहीं रोकी गई तो हम जिला मुख्यालय पर बड़ा आंदोलन करेंगे।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!