21 जून को होगी नीट पुन: परीक्षा
छिंदवाड़ा में 8 केंद्रों पर होंगे एग्जाम, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन अलर्ट
21 जून को होगी नीट पुन: परीक्षा छिंदवाड़ा प्रशासन अलर्ट
Chhindwara 15 June 2026
छिंदवाड़ा यशो:- नीट (यूजी)-2026 की पुन: परीक्षा 21 जून को जिले के 8 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक एफडीडीआई छिंदवाड़ा में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर एवं समिति अध्यक्ष हरेंद्र नारायण ने की।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, अतिरिक्त कलेक्टर धीरेंद्र सिंह, संयुक्त कलेक्टर अंकिता त्रिपाठी, नगर निगम कमिश्नर सी.पी. राय, नगर पुलिस अधीक्षक अजय राणा एवं नीट परीक्षा संयोजक हरि प्रसाद धारकर सहित प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य एवं बिजली विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्ष, उपकेंद्राध्यक्ष, पर्यवेक्षक और वीक्षक भी बैठक में शामिल हुए।
नीट परीक्षा संयोजक हरि प्रसाद धारकर ने परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सतर्क रहेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र में केंद्राध्यक्ष के अतिरिक्त किसी भी व्यक्ति को मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षार्थी केवल प्रवेश पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो, एक पोस्टकार्ड साइज फोटो और पारदर्शी पानी की बोतल ही परीक्षा केंद्र के अंदर ले जा सकेंगे।
इसके अलावा किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक सामग्री, गैजेट्स, स्मार्ट डिवाइस, आभूषण या अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं परीक्षा केंद्र में पूरी तरह निषिद्ध रहेंगी। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे अनावश्यक सामग्री लेकर परीक्षा केंद्र न पहुंचें, ताकि जांच प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में परीक्षा केंद्रों पर बिजली, स्वास्थ्य सुविधा, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन एवं निगरानी व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

