धर्मसिवनी

सिवनी में आज निकलेगी भव्य निशान एवं कलश यात्रा, श्याम भक्तों का होगा महासंगम

श्री श्याम बाबा एवं शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत दिनभर होंगे धार्मिक आयोजन, शाम को भजन संध्या में झूमेंगे श्रद्धालु

सिवनी यशो :- श्री श्याम परिवार समिति, सिवनी द्वारा आयोजित श्री श्याम बाबा एवं शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत मंगलवार 16 जून 2026 को धार्मिक आस्था, भक्ति और उत्साह से परिपूर्ण विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के तहत सुबह से लेकर देर रात तक पूजन, हवन, कलश यात्रा और भजन संध्या जैसे कार्यक्रम संपन्न होंगे।

समिति अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि प्रातः 8 बजे गणेश-गौरी पूजन के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसके बाद प्रातः 10 बजे अन्नाधिवास, 11 बजे फलाधिवास तथा दोपहर 2 बजे हवन-पूजन का आयोजन किया जाएगा।

दोपहर 4 बजे निकलेगी भव्य कलश एवं निशान यात्रा

महोत्सव का प्रमुख आकर्षण दोपहर 4 बजे निकलने वाली भव्य कलश एवं निशान यात्रा रहेगी। यात्रा श्रीराम मंदिर शुक्रवारी से प्रारंभ होकर श्री श्याम मंदिर, ऑरेंज सिटी कॉलोनी, नागपुर रोड तक पहुंचेगी। यात्रा में बाबा श्याम की मनमोहक झांकियां, बैंड-बाजे, डीजे, ढोल-ताशे और सैकड़ों श्रद्धालु शामिल होंगे।

नगर भ्रमण के दौरान पूरा वातावरण श्याममय हो जाएगा और श्रद्धालु बाबा श्याम के जयकारों के साथ भक्ति रस में सराबोर दिखाई देंगे।

शाम को सजेगा भव्य श्याम दरबार

सायं 6:30 बजे रेशमाधिवास एवं रात्रि 7 बजे से भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर राजस्थान के प्रसिद्ध भजन गायक बंटू भैया जी (नजफगढ़, दिल्ली) एवं श्याम शुभम जी (नागपुर) अपनी मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति के रंग में रंग देंगे।

बाबा का अलौकिक श्रृंगार और श्याम रसोई रहेगी आकर्षण का केंद्र

महोत्सव के दौरान बाबा श्याम का भव्य एवं अलौकिक श्रृंगार, आकर्षक दरबार तथा श्रद्धालुओं के लिए विशेष श्याम रसोई की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा समिति द्वारा “बाबा का खजाना” नामक विशेष आयोजन रखा गया है, जिसके अंतर्गत निशान एवं कलश यात्रा में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं में से 11 भाग्यशाली भक्तों को इनामी कूपन के माध्यम से बाबा का खजाना प्रदान किया जाएगा।

अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील

श्री श्याम परिवार समिति ने समस्त श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त करें तथा इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन का हिस्सा बनें।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button