नागपुर से दबोचा गया “इंजीनियर हामिद”, सिवनी में अराजकता फैलाने की साजिश का आरोप
गौवंश तस्करी नेटवर्क का मास्टरमाइंड और एक अन्य आरोपी गिरफ्तार
सिवनी गौवंश तस्करी मामला -पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कथित गौवंश तस्करी नेटवर्क से जुड़े दो और आरोपी गिरफ्तार
Seoni 01 june 2026
सिवनी यशो:- बकरीद से पहले सिवनी पुलिस ने कथित गौवंश तस्करी एवं गौवंश की अवैध कुर्बानी की साजिश से जुड़े नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके कथित मास्टरमाइंड सहित दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों द्वारा चंदा एकत्रित कर गौवंश की कुर्बानी कराने और शहर का माहौल बिगाड़ने की योजना बनाई जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने नागपुर के गांधीबाग निवासी मोहम्मद हामिद उर्फ “इंजीनियर हामिद” (69 वर्ष) को गिरफ्तार कर सिवनी लाया। पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि आरोपी नेटवर्क का प्रमुख संचालक था और उसने कथित रूप से 48 गौवंश की कुर्बानी कराने के निर्देश दिए थे।
मामले में फरार चल रहे सिवनी निवासी आसिफ खान (32 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार मोबाइल रिकॉर्ड, डिजिटल ट्रांजेक्शन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर उसकी भूमिका सामने आई है। आरोप है कि उसने गौकशी के नाम पर आर्थिक सहयोग भी किया था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन, व्हाट्सएप चैट और डिजिटल भुगतान संबंधी डाटा को जांच में शामिल किया है। मामले में अन्य संदिग्धों से पूछताछ जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
गौरतलब है कि इसी प्रकरण में पुलिस पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
सिवनी पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि गौवंश तस्करी, अवैध वध अथवा सामाजिक एवं धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



