पेंच टाइगर रिजर्व की स्थानीय सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न
पर्यटन प्रबंधन, वाहन फिटनेस और स्थानीय रोजगार को लेकर हुए महत्वपूर्ण निर्णय

सिवनी यशो:- पेंच टाइगर रिजर्व की स्थानीय सलाहकार समिति की बैठक आज खवासा में धनंजय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पर्यटन प्रबंधन, पर्यटन व्यवस्थाओं, वाहन पंजीयन, पर्यटक सुरक्षा एवं स्थानीय रोजगार जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में विधायक बरघाट विधानसभा क्षेत्र, विधायक चौरई विधानसभा क्षेत्र, कलेक्टर सिवनी, कलेक्टर छिंदवाड़ा, वन मंडलाधिकारी सिवनी एवं छिंदवाड़ा सहित क्षेत्र संचालक एवं सदस्य सचिव श्री देवा प्रसाद और अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान क्षेत्र संचालक द्वारा पेंच टाइगर रिजर्व की भौगोलिक स्थिति, कार्यक्षेत्र एवं संरचना की जानकारी प्रस्तुत की गई। साथ ही वन विभाग मंत्रालय भोपाल द्वारा 27 अगस्त 2021 को जारी राजपत्र के महत्वपूर्ण प्रावधानों से समिति को अवगत कराया गया। प्रस्तुतीकरण में बताया गया कि टाइगर रिजर्व के बफर जोन की 5 किलोमीटर सीमा के भीतर स्थित ग्रामों के मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों के छात्रों तथा इको विकास समितियों के सदस्यों की अधिकृत अध्ययन यात्राएं निशुल्क कराई जाती हैं, जिससे पर्यावरण एवं वन संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ सके।

बैठक में यह भी बताया गया कि वर्तमान में पेंच टाइगर रिजर्व में कुल 342 पर्यटक वाहन पंजीकृत हैं। पर्यटन वर्ष प्रारंभ होने से पहले सभी वाहनों की फिटनेस तथा वाहन चालकों की पात्रता का परीक्षण अनिवार्य रूप से कराया जाएगा। समिति ने निर्णय लिया कि विभागीय दिशा-निर्देशों एवं मानकों के अनुसार सभी पंजीकृत वाहनों की जांच एवं परीक्षण की प्रक्रिया सख्ती से लागू की जाए।
समिति ने कहा कि पर्यटन गतिविधियों में उपयोग होने वाले वाहनों के लिए निर्धारित मानकों और दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पर्यटकों को सुरक्षित, व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। साथ ही स्थानीय लोगों को अधिक रोजगार उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई गई।
बैठक के अंत में संभागायुक्त श्री धनंजय सिंह ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं सदस्यों से चर्चा के बाद विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्यटन प्रबंधन एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में विभागीय नियमों और दिशा-निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
विधायक कमल मर्सकोले ने उठाए सवाल
बैठक के दौरान बरघाट विधानसभा क्षेत्र के विधायक कमल मर्सकोले ने वन सुरक्षा, ग्रामीण हितों एवं विभागीय लापरवाहियों को लेकर वन विभाग तथा पेंच प्रबंधन के अधिकारियों को आड़े हाथों लिया।
वहीं निजी जिप्सी संचालन से जुड़े व्यवसायियों में भी नाराजगी दिखाई दी। बैठक से पहले कई जिप्सी संचालकों ने आरोप लगाया कि पेंच प्रबंधन निजी जिप्सी व्यापार पर एकाधिकार स्थापित करने की कोशिश कर रहा है, जिससे स्थानीय व्यापार प्रभावित हो सकता है।



