मध्यप्रदेशसिवनी

प्रेस क्लब ऑफ सिवनी द्वारा मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, उत्साह और प्रेरणा से सराबोर रहा समारोह

विधायक दिनेश राय मुनमुन ने बढ़ाया बच्चों का हौसला, वरिष्ठ पत्रकारों और अतिथियों ने दिए प्रेरणादायी संदेश

प्रेस क्लब ऑफ सिवनी सम्मान समारोह एवं पारिवारिक मिलन कार्यक्रम

Seoni 08 May 2026
सिवनी यशो:- प्रेस क्लब ऑफ सिवनी (प्रेस एसोसिएशन सिवनी) द्वारा पत्रकार साथियों के मेधावी बच्चों के सम्मान में स्थानीय द ग्रैंड रजवाड़ा होटल में भव्य सम्मान समारोह एवं पारिवारिक मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों को शील्ड, स्कूल बैग एवं पेन प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ पत्रकारों, समाजसेवियों एवं पत्रकार परिवारों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

वाटर पार्क गतिविधियों से हुई कार्यक्रम की शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे से हुई, जहां पत्रकार साथियों के बच्चों ने वाटर पार्क में स्विमिंग एवं मनोरंजन गतिविधियों का आनंद लिया।

बच्चों में पूरे समय उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। इसके बाद मुख्य समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

समारोह के दौरान बरगी डैम में हुई हृदयविदारक घटना में मृत लोगों एवं प्रेस क्लब ऑफ सिवनी के सदस्य दिवंगत पत्रकार राकेश दुबे की आत्मा की शांति हेतु दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

विधायक दिनेश राय मुनमुन ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित

समारोह के मुख्य अतिथि विधायक दिनेश राय मुनमुन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि –

शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। विधायक ने मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और अभिभावकों एवं पत्रकार साथियों की भी सराहना की।

अतिथियों ने प्रेस क्लब की पहल को बताया प्रेरणादायी

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में ज्ञानचंद सनोडिया, सुजीत जैन एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी विशाल मर्सकोले उपस्थित रहे।

अतिथियों ने प्रेस क्लब द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकारिता समाज का आईना है और पत्रकार परिवारों के प्रतिभावान बच्चों का सम्मान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

वरिष्ठ पत्रकारों और समाजसेवियों की रही विशेष उपस्थिति

कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार संजय सिंह, सोनू गुप्ता, मनोज मर्दन त्रिवेदी, सूर्य प्रकाश विश्वकर्मा तथा वरिष्ठ व्यवसायी एवं समाजसेवी मनीष अग्रवाल पांड्या विशेष रूप से उपस्थित रहे।

सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।

इन पदाधिकारियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

इस आयोजन को सफल बनाने में प्रेस क्लब ऑफ सिवनी के अध्यक्ष अयोध्या विश्वकर्मा, सचिव राजेन्द्र पिंटू तरवरे, उपाध्यक्ष अब्दुल काबिज खान, उपाध्यक्ष विनोद दुबे, कोषाध्यक्ष संजीव क्रीडिया, सहसचिव अभिनव जैन, लेखाधिकारी शुभम सोनी एवं पत्रकार साथी रूपेश कोहरू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन श्रमजीवी पत्रकार परिषद सिवनी के अध्यक्ष शरद दुबे एवं प्रेस क्लब ऑफ सिवनी के उपाध्यक्ष अब्दुल काबिज खान द्वारा किया गया।

मेधावी विद्यार्थियों एवं यूपीएससी चयनित प्रतिभा का हुआ सम्मान

समारोह में अलवीरा खान, शिवम चौरसिया, आस्था क्रीडिया, मोंटी नागफासे, आंचल मिश्रा, सत्यम ठाकुर, आलिया कौशर, आर्यव बौद्ध, रुची पाठक एवं वीर सिंह सहित मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

वहीं यूपीएससी में चयनित सीमा रूपेश कोहरु का भी विशेष सम्मान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

पारिवारिक सौहार्द और प्रेरणा से सराबोर रहा आयोजन

कार्यक्रम के अंत में प्रेस क्लब ऑफ सिवनी की पूरी टीम द्वारा उपस्थित अतिथियों, पत्रकार साथियों एवं बच्चों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। पूरा आयोजन उत्साह, प्रेरणा और पारिवारिक सौहार्द के वातावरण में संपन्न हुआ।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button